दिल्‍ली / कापसहेड़ा में एक बिल्डिंग के 41 लोग निकले कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप

दिल्ली में कापसहेड़ा की 'ठेके वाली गली' में स्थित एक इमारत में 41 लोगों को कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है। इसके साथ ही पूरे इलाके में हडकंप मच गया है। साउथ-वेस्‍ट दिल्‍ली के डीएम ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को यहां के एक व्‍यक्ति के पॉजिटिव मिलने पर यह इमारत सील कर दी गई थी। डीसी ऑफिस के पास ठेके वाली गली है। यहां 19 अप्रैल को एक व्‍यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके बाद पूरी इमारत सील कर दी गई। गाइडलाइंस के अनुसार 3 से ज्‍यादा केसेज मिलने पर इलाका सील करने की हैं मगर आबादी देखते हुए एक केस के बाद ही प्रशासन ने इमारत सील करने का फैसला ले लिया। इसके बाद यहां के 95 लोगों के सैंपल 20 अप्रैल को और 80 लोगों के सैंपल 21 अप्रैल को लिए गए और यह सैम्पल नोएडा की NIB लैब में भेजे गए। कुल मिलाकर 175 लोगों के सैंपल में से 67 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आज आई है। इनमें से 41 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
कापसहेड़ा में प्रवासी मजदूरों की बड़ी आबादी रहती है। दिल्‍ली-गुरुग्राम की फैक्ट्रियों में काम करने वाले अधिकतर लोग यहीं रहते हैं। इलाके की बेहद संकरी गलियों में के एक-एक मकान में दर्जनों की आबादी बसती है। बताया जाता है कि करीब सवा लाख लोग इस इलाके में निवास करते हैं। ऐसे में एक बिल्डिंग से 41 मरीज मिलना प्रशासन को बड़ी टेंशन दे रहा है।

बता दे, कोरोना वायरस से दिल्‍ली बुरी तरह प्रभावित है। शनिवार सुबह के आंकड़े बताते हैं कि राष्‍ट्रीय राजधानी में कोरोना के कुल 3,738 मामले सामने आए हैं। यहां 61 लोगों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है। राहत की बात ये है कि कुल मरीजों में से 1,167 ठीक होकर घर जा चुके हैं। दिल्‍ली का हर जिला रेड जोन डिस्ट्रिक्‍ट है। यहां 100 से ज्‍यादा कंटेनमेंट जोन हैं यानी संक्रमण का खतरा हर इलाके में है।