इमर्जेंसी लैंडिंग के दौरान सुखोई सुपरजेट में लगी आग, 41 लोगों की मौत

रविवार को रूस की राजधानी मॉस्को में एक विमान हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना की जांच कर रही टीम की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेन्को ने कहा कि विमान में मौजूद 78 लोगों में से सिर्फ 37 लोग जीवित हैं, यानी 41 लागों की मौत हो गई है। हादसे का शिकार हुए सुखोई यात्री विमान ने मॉस्को एयरपोर्ट से उत्तरी रूस के मरमांस्क शहर के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 73 यात्री और 5 क्रू मेंबर सवार थे। रूसी विमान एरोफ्लोट सुखोई सुपरजेट में इमर्जेंसी लैंडिंग के दौरान आग लग गई।

मरने वालों में चालक दल का भी एक सदस्य बताया जा रहा है। वहीं मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

सोशल मीडिया पर विमान हादसे के कुछ वीडियो सामने आए हैं जो हैरान करने वाले हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में विमान लैंडिंग के लिए रनवे पर भागता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो में विमान के पिछले हिस्से से आग की लपटें और धुएं का गुब्बार उठता नजर आ रहा है। रूसी मीडिया के अनुसार सुखोई सुपरजेट एक साल पुराना था, टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान में आग लग गई और उसकी इमरजैंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि यह विमान मॉस्को से उत्तरी शहर मरमांस्क जा रहा था।