बीकानेर : हाहाकार मचा रहे कोरोना ने ली रिकॉर्ड 12 जान, मिले 714 नए केस

कोरोना बीकानेर में हाहाकार मचा रहा है। जिल में सोमवार को 3156 लोगों के सैंपल लिए गए थे जिनमें से 714 लोग पॉजिटिव आए हैं। पीबीएम एमसीएच कोविड हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों में से पिछले 24 घंटे में 12 और मंगलवार को छह लोगों की मौत हुई है। इन चार महीनों में मौतों का आंकड़ा 71 तक पहुंच गया है। गंगाशहर फिर कोरोना का हॉट स्पॉट बन गया है। यहां 96 लोग पॉजिटिव आए हैं। वहीं, रानी बाजार, बल्लभ गार्डन, पवनपुरी, सुदर्शनानगर से 79, तिलक नगर क्षेत्र से 74, बीकानेर ब्लॉक के 67, मुरलीधर व्यास नगर 55, मुक्ता प्रसाद 55 रोगी मिले।

मंगलवार को 138 मरीजों को छुट्‌टी मिल गई। इन्हें मिलाकर चार महीने में 1538 मरीज कोविड हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जनवरी से अब तक 84 हजार 726 लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें से 9322 लोग पॉजिटिव आ चुके हैं। एक्टिव केस 7788 हैं। 7450 लोग होम आइसोलेट हैं तथा 322 रोगी पीबीएम कोविड हॉस्पिटल में भर्ती हैं।

राजस्थान में कोरोना : पहली बार 100 से ज्यादा मौतें, मिले 16,089 नए संक्रमित

राजस्थान में मंगलवार को पहली बार एक ही दिन में 100 से ज्यादा मरीजों की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे के आंकड़े देखें तो 16,089 नए संक्रमित मिले और 121 लोगों ने दम तोड़ दिया। अप्रैल कोरोना संक्रमण के नजरिए से सबसे खतरनाक साबित होता दिख रहा है। राज्य में अप्रैल के 27 दिनों में नए संक्रमितों की संख्या 2.13 लाख के पार पहुंच गई। एक अप्रैल से लेकर 20 अप्रैल तक पहले एक लाख पॉजिटिव केस आए, लेकिन दूसरे एक लाख की संख्या इससे महज 7 दिन में ही क्रॉस हो गई। जबकि बीते 27 दिन के अंदर 988 लोगों की मौत हुई है। तमाम बुरी खबरों के बीच राहत की भी एक खबर है। राज्य में मंगलवार को कुल 7426 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो हुए हैं। राज्य में रिकवरी रेट 70.93% दर्ज किया गया। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 17.93% दर्ज किया गया।