गोरखपुर में 300 चमगादड़ मरे, लोगों में दहशत

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बेलघाट इलाके में मंगलवार सुबह एक अजीब घटना हुई जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। यहां पर रहस्यमयी तरीके से एक बाग में 300 से ज्यादा चमगादड़ मरे मिले। कई जमीन पर तड़प रहे थे तो कई लोगों की आंखों के सामने ही जमीन पर गिर रहे थे। चमगादड़ों की मौत की वजह का पता लगाने के लिए उनके अवशेष को बरेली स्थित इंडियन वेटेनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट (आईवीआरआई) भेज दिया गया है।

मामला खजनी रेंज के बेलघाट गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां ध्रुव नारायाण शाही के आम के बाग में कुछ लोगों को दूर से जमीन पर कुछ काले रंग की बिखरी चीज नजर आई। पास पहुंचने पर लोगों ने देखा कि दूर-दूर तक चमगादड़ों के शव (Bats death) पड़े हैं। कुछ उनकी आंखों के सामने ही जमीन पर आकर गिर रहे थे तो कुछ जमीन पर पड़े तड़प रहे थे।

गर्मी की वजह से हुई मौत

वहीं, बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत पर वन विभाग का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि इनकी मौत अत्यधिक गर्मी की वजह से हुई है। रेंजर ने बताया कि चमगादड़ों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। उनकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि बाग के आसपास तालाब और पानी के सारे श्रोत सूखे हुए हैं। शायद चमगादड़ों को पानी न मिला हो इसलिए उन्होंने दम तोड़ दिया हो।

लोगों में दहशत

इधर चमगादड़ों की मौत के बाद लोगों में दहशत हो गई है। कई लोग घरों में कैद हो गए हैं। लोगों ने कहा कि उन्हें डर है कि कहीं किसी वायरस (Virus) के कारण तो चमगादड़ों की मौत नहीं हुई। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि चमगादड़ों के मरने के बाद कहीं कोई वायरस न फैल जाए। कुछ लोगों का कहना है कि किसी अनजान वायरस से चमगादड़ों की मौत हुई है।