मध्यप्रदेश : 6 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकला बोरवेल में गिरा बच्चा, 2 घंटे पहले ही हो चुकी थी मौत

मध्यप्रदेश के दमोह में 3 साल का प्रिंस बोरवेल में गिर गया था जिसे बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था और ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही थी। 6 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे को बोरवेल से निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी जिससे पूरे गाँव में निराशा फैल गई। मौके पर कलेक्टर और एसपी समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। SDRF की टीम भी रेस्क्यू में जुटी थी। जब टीम को बच्चे का हाथ नजर आया तो परिवार वालों को उम्मीद बंधी की प्रिंस को सकुशल निकाल लिया जाएगा। उसे निकाल तो लिया गया। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

ये घटना दमोह के पटेरा ब्लॉक के बरखेड़ा वैस गांव की है। जहां 3 साल का प्रिंस खेलते-खेलते खेत में बने बोरवेल में गिर गया था। जब वो परिजनों को नजर नहीं आया, तो उसकी खोजबीन की गई। परिजनों ने बोरवेल के गड्ढे से बच्चे की आवाज सुनी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। फिर मौके पर तमाम अधिकारी और SDRF की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 6 घंटे बाद बच्चे को बोरवेल के गड्ढे से निकाला गया। लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

3 साल का प्रिंस करीब 1 बजे खेत में बने बोरवेल के गड्ढे में गिरा था। उसे बचाने के लिए 2 जेसीबी ने खुदाई का काम किया। मासूम को बचाने के लिए करीब 6 घंटे तक रेस्क्यू चला। बच्चे को गड्ढे से निकालने के बाद सीधे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पटेरा अस्पताल के BMO अशोक बरोनिया ने बताया कि गड्ढे से निकालने के 2 घंटे पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।