हर दिन आने वाले कोरोना के आंकड़ों को देखकर लगता हैं कि संक्रमण काबू में आ चुका हैं। मंगलवार को 29 संक्रमित मिले एवं 546 मरीज डिस्चार्ज हुए, जबकि 3 मरीजों की मौत हो गई। 74 दिन बाद कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा मंगलवार को 30 से कम आया है। इससे पहले 18 मार्च को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 19 था। जनवरी से अब तक संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 69,005, डिस्चार्ज मरीज 65,193 और मौतें 1174 रहीं।
मंगलवार के आंकड़ों को देखे तो शहर के 4 जोन में 0 संक्रमित और शहर के नौ जोन में से महामंदिर में 1, मसूरिया में 5, शास्त्रीनगर में 6, रेजिडेंसी में 4, बीजेएस में 3 पॉजिटिव आए। ग्रामीण के दस ब्लॉक में से बनाड़ में 1, सालावास में 2, बावड़ी में 1, शेरगढ़ में 5 और बालेसर में 1 पॉजिटिव मरीज मिला। जबकि एमजीएच में दो माह में यह तीसरा दिन रहा जब कोई मौत नहीं हुई। एम्स में भर्ती फलोदी के बबलाराम (50) की मौत हुई। इधर एमडीएम में भर्ती फलोदी के मोहम्मद अखी (54) और दईजर केरू की संता (65) की मौत हुई।
राजस्थान के सुखद आंकड़े, 2% से भी नीचे आई संक्रमण दर, मिले सिर्फ 1002 संक्रमित
कोरोना के चलते राजस्थान में लंबे समय से लॉकडाउन हैं और आज से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो रही हैं। ऐसे में कल के आंकड़े बेहद सुखद हैं। आज संक्रमण की दर 2% से भी नीचे आई और सिर्फ 1002 नए संक्रमित सामने आए हैं। सोमवार की मुकाबले मंगलवार को संक्रमण की दर में 5 फीसदी तक की कमी आई है। जबकि 65 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ आज 6114 मरीज भी ठीक हुए हैं। राज्य में कल की जिलेवार स्थिति देखें तो 33 में से केवल 3 ही जिलों में 100 से ऊपर केस आए हैं, जबकि 7 ऐसे जिले हैं, जहां 10 से भी कम संक्रमित केस आए हैं। राजस्थान में जैसे-जैसे संक्रमित केस कम आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे रिकवरी का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में कल कुल रिकवरी रेट 95 फीसदी के ऊपर दर्ज की गई।