जोधपुर : कोरोना की धीमी हुई रफ्तार के बाद ब्लैक फंगस बन रहा जानलेवा, जानें गुरुवार के आंकड़े

लॉकडाउन के बाद से अब आंकड़ों में असर दिखने लगा हैं जहां बीते दिन धीमी हुई रफ्तार के चलते गुरुवार को 229 नए संक्रमित मिले। वहीं 767 मरीज डिस्चार्ज हुए। हालांकि 6 संक्रमित मरीजों की मौत भी हुई। इसके चलते अकेले मई में 701 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। कोरोना काल में एक माह में मरने वालों का यह सबसे अधिक आंकड़ा है। इस महीने 32,668 लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। जबकि 47,924 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। हालांकि अधिकांश मरीज होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज हुए।

संक्रमितो की बात करें तो प्रतापनगर में 5, शहर परकोटा में 3, महामंदिर में 13, मसूरिया में 6, शास्त्रीनगर में 15, मधुबन में 11, रेजिडेंसी में 9 एवं बीजेएस में 5 संक्रमित मिले। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के 10 ब्लॉक में से बनाड़ में 8, सालावास में 10, बिलाड़ा में 5, भोपालगढ़ में 8, ओसियां में 41, बावड़ी में 10, फलोदी में 7, बाप 15, शेरगढ़ में 36, बालेसर में 22 पॉजिटिव मिले।
ब्लैक फंगस से एक और मौत, अब तक 4 लोग गंवा चुके जान

एमडीएम अस्पताल में गुरुवार को ब्लैक फंगस से एक मौत हुई। जोधपुर में ब्लैक फंगस से यह चौथी मौत और एमडीएम हॉस्पिटल में दूसरी मौत है। बालेसर निवासी पदमसिंह (45) की माैत हुई। मरीज को कोविड हुआ था। इसके बाद अभी आंख में तकलीफ लेकर भर्ती हुए थे। डॉक्टरों ने हालत देखकर ऑपरेट भी किया। मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर था और काेराेना के चलते फेफड़े पूरी तरह खराब हो चुके थे। ऑपरेट कर एंडोस्कोपी सर्जरी कर आंख निकाली थी। ऑपरेशन के बाद स्थिति खराब होने के कारण आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दो अन्य मरीजों की भी ब्लैक फंगस से डेथ हुई। इनमें एक महिला पाली निवासी और दूसरा पुरूष बाड़मेर निवासी है। ये कोरोना पॉजिटिव रहे थे और ब्लैक फंगस हुआ और बाद में मौत हो गई।राजस्थान में सख्त लॉकडाउन का असर, एक महीने बाद हुई 100 से कम मौत, 3454 नए मामले

कोरोना पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश में लॉकडाउन लगाया गया हैं जिसके परिणाम अब नजर आते दिखाई दे रहे हैं। राजस्थान में बीते 24 घंटों में 6% की दर से 3454 नए मामले सामने आए जबकि 10,396 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ रिकवरी रेट 92% के नजदीक पहुंच गई। आलम यह रहा कि एक महीने बाद मौतों का आंकड़ा 100 से नीचे आया हैं। 26 अप्रैल को आखिरी बार मौतों का आंकड़ा 100 से कम आया था और बीते 24 घंटों में 85 लोगों की मौत हुई है। बीते दिन पूरे प्रदेश में 56,702 लोगों के सैंपल जांचे गए, जिसमें से 3454 सैंपल पॉजिटिव निकले।