जम्मू-कश्मीर : कोरोना के साथ मिलने लगे अब ब्लैक फंगस के भी मरीज, 1801 नए केस, 29 की मौत

जम्मू-कश्मीर में कोरोना का संक्रमण जरूर कम हुआ हैं लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1801 नए मामले आए, साथ ही 29 मरीजों की मौत भी हुई है। इसके साथ अब ब्लैक फंगस के भी मरीज मिलने लगे हैं। जम्मू-कश्मीर में ब्लैक फंगस के एक और मरीज की पुष्टि हुई है। ब्लैक फंगस के मामलों का कुल आंकड़ा 13 पर पहुंच गया है।

वहीं जम्मू संभाग में 554 व कश्मीर में 1247 नए मामले मिले। हालांकि, 2694 मरीज स्वस्थ भी हुए। अब प्रदेश में एक्टिव मामलों की संख्या 30657 रह गई है। जम्मू संभाग में 15 व कश्मीर में 14 मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 2 लाख 95 हजार 879 पर पहुंच गया है। मरीजों की मौतों का आंकड़ा 3992 पर पहुंच गया है।

देश में लगातार चौथे दिन मिले 1.50 लाख से कम मरीज, 2,705 की हुई मौत

देश में नए मरीजों के मिलने की संख्या लगातार कम होती जा रही है। गुरुवार को 1 लाख 31 हजार 280 नए मरीज मिले। नए मरीजों का आंकड़ा लगातार चौथे दिन 1.50 लाख से कम रहा। इससे पहले 30 मई को 1.51 लाख लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बीते दिन 2 लाख 5 हजार 771 मरीज ठीक भी हुए वहीं, 2,705 की मौत भी हुई है। बीते दिन एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 77,239 की कमी आई। इसमें चार दिन में ही करीब चार लाख की गिरावट दर्ज की गई है। 30 मई को कुल 20 लाख 22 हजार 45 एक्टिव केस थे, जो अब घटकर 16.31 लाख रह गए हैं।