राजस्थान : संक्रमण दर बनी सबसे बड़ा खतरा, मिले 16487 नए संक्रमित, 160 ने गंवाई अपनी जान

कोरोना की दूसरी लहर का कहर ऐसे समझ सकते हैं कि प्रदेश की संक्रमण दर सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है। प्रदेश में सोमवार को 41169 सैंपल लिए गए और 16487 पॉजिटिव मिले। यानी संक्रमण दर 40.04% पर पहुंच गई, जो देश में सर्वाधिक है। दूसरे नंबर पर 31.95% के साथ कर्नाटक है। यूपी जैसे सबसे बड़े राज्य की पाॅजिटिव दर 10.07% है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में सोमवार को 16,487 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए, जबकि 160 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। जयपुर में 61 और जोधपुर में 20 लोगों ने दम तोड़ दिया। राजधानी में करीब एक सप्ताह बाद रिकवरी केसों में भी गिरावट आई। आज महज 13499 मरीज कोरोना से रिकवर हुए। इससे पहले रोजाना करीब 17 हजार मरीज रिकवर हो रहे थे। राजस्थान में अब तक कुल 7.73 लाख मरीज हो गए है। इनमें 5.64 लाख रिकवर हो गए है। अब प्रदेश में 203017 एक्टिव केस है।

बात जयपुर की करें तो यहां सोमवार को 2918 पॉजिटिव केस सामने आए। 61 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2893 लोग रिकवर हो गए। इसी तरह जोधपुर में 1915 नए केस मिले। 20 लोगों की मौत हो गई। जबकि 1871 लोग रिकवर हुए। उदयपुर जिले में पिछले 24 घंटे में 1014 नए संक्रमित केस सामने आए। 18 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 977 लोग रिकवर हो गए। इसी तरह, अलवर में 906 केस सामने आए। 3 लोगों की मौत हुई और 809 रिकवर हुए। 1000 से नीचे एक्टिव रोगी सिर्फ एक जिले बांसवाड़ा में हैं। वहां 750 एक्टिव केस हैं।

गृह विभाग ने जारी किए आदेश, एक लाख रूपए का जुर्माना लगाया जाएगा

प्रदेश के गृह विभाग ने सोमवार को एक अधिसूचना जारी करते हुए शादी समारोह के आयोजनों की सूचना नहीं देने पर या फिर शादी समारोह में 11 से ज्यादा मेहमानों के इकट्‌ठा होने पर एक लाख रूपए का जुर्माना लगाने का आदेश जारी किया है। आदेशों में कहा गया है कि 10 मई से 31 मई 2021 की अवधि में यदि किसी शादी समारोह के आयोजन की सूचना DOIT के अधिकृत पोर्टल पर नहीं देता है या फिर सामाजिक दूरी नहीं बनाता है। शादी समारोह के आयोजन में बैंड बाजा या हलवाई शामिल किया जाता है। फेस मास्क या फेस कवर नहीं लगाए पाया जाता है। बारात के आगमन में बस, ऑटो, टैंपो या फिर ट्रेक्टर जीप का उपयोग करता है। उसकी वीडियोग्राफी एसडीएम से नहीं करवाता है या फिर सामूहिक भोज का आयोजन करता है। तब एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

भारत में कोरोना : 62 दिन में पहली बार ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए संक्रमितों से ज्यादा

देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कुछ थमी है। सोमवार को 3 लाख 29 हजार 379 नए संक्रमितों की पहचान हुई, लेकिन 3.55 लाख संक्रमित ठीक हो गए। डिस्चार्ज होने वालों में महाराष्ट्र, यूपी, गुजरात, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और दिल्ली के 74% मरीज है। 62 दिन बाद ऐसा हुआ जब नए मरीजों से ज्यादा मरीजों ने महामारी को मात दी। इससे पहले 9 मार्च को 17,873 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई थी और 20,643 लोग ठीक हुए थे। पिछले 24 घंटे में 3,877 लोगों ने इस महामारी से जान गंवाई। इसके साथ ही देश में अब तक कोविड-19 टीके की 17.26 करोड़ खुराक लगायी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।