रांची : 10वीं की छात्रा का अपहरण कर चलती कार में दुष्कर्म, युवती को सड़क पर फेंक आरोपी फरार

झारखण्ड के रांची से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां 10वीं की छात्रा का अपहरण कर चलती कार में दुष्कर्म किया गया और फिर उसे सड़क पर फेंक दिया गया। मामला जिले के चान्हो का हैं जहां रविवार सुबह यह वारदात हुई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। अब तक दुष्कर्मियों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दुष्कर्मियों ने जब उसे टेढ़ा पुल के पास छोड़ा तो वह 15 किमी पैदल चलकर गांव पहुंची। पुलिस को जैसे ही पता चला कि पीड़िता घर पहुंच गई है, पुलिस भी वहां पहुंची। पीड़िता और उसके घरवालों को थाने ले गई और वहां दिनभर पूछताछ चली।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह सहेलियों के साथ रोज की तरह सुबह 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक कर रही थी, तभी एक कार आकर रुकी और उससे उतरे तीन युवकों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। काफी देर तक उन्हें खदेड़ा। दो लड़कियां भागने में सफल रही लेकिन बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और जबरन कार में बैठा कर रांची की ओर निकल गए। उधर, पीड़िता की सहेलियों ने 100 नंबर पर डायल कर पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दे दी थी।

घटना के करीब 18 घंटे बाद भी पुलिस न तो गाड़ी का पता लगा सकी है, न ही दुष्कर्मियों का कुछ सुराग मिला है। पुलिस के मुताबिक रांची-डालटनगंज एनएच पर कई जगह से सीसीटीवी फुटेज निकाली गई है, लेकिन कार का सुराग नहीं मिला। अब जिस जगह पर दुष्कर्मियों ने लड़की को कार से उतारा था, उसके आसपास के क्षेत्र की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। कॉल डिटेल से पता चल जाएगा कि उस समय आसपास के इलाके में कौन-कौन से मोबाइल नंबर एक्टिव थे।