भरतपुर : 1202 तक पहुंचा एक्टिव मरीजों का आंकड़ा, नई मंडी से जुड़े 10 लाेग भी संक्रमित

कोरोना का कहर लगातार जारी हैं जहां हर दिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिन शनिवार को 132 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए और एक मरीज की मौत भी हो गई। शनिवार को 80 लोगों के रिकवर्ड होने के साथ ही अब तक 10118 लोग रिकवर्ड हो चुके हैं। इस प्रकार रिकवरी रेट 88.27% है। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 1202 है, जिनके भी जल्दी ठीक होने की उम्मीद है। सीएमएचओ डॉ कप्तान सिंह ने बताया कि अब तक 276852 सैंपल की जांच की जा चुकी है जिसमें 11463 लोग संक्रमित निकले हैं तथा 143 लोग अपनी जान गवां चुके हैं।
नई मंडी से जुड़े 10 लाेग पाॅजिटिव हैं, इसलिए मंडी काे 9 मई तक बंद रखने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है मंडी 27 अप्रैल से 2 मई तक पहले से ही बंद हैं। इसे अब 9 मई तक बढ़ा दिया गया है। सचिव अमित गाेयल ने बताया कि व्यापार मंडल ने मंडी काे 9 मई तक बंद रखना तय किया है। दूसरी ओर, आरबीएम में सीरियस मरीजों के लिए बेड़ों की कमी के कारण गंभीर रूप से संक्रमित मरीजों को इलाज में परेशानी उठानी पड़ सकती है। जानकारी के अनुसार फिलहाल अस्पताल में सामान्य भर्ती के बेड की खाली हैं। ऑक्सीजन बैड, आईसीयू विदाउट वेंटीलेटर और आईसीयू विद वेंटीलेटर फुल चल रहे हैं।

राजस्थान में कोरोना : मिले 17,652 नये संक्रमित, 160 की मौत, SMS में सभी वेंटिलेटर फुल

राजस्थान में कोरोना संक्रमण बेकाबू हो गया है। राज्य में पिछले कुछ दिनों से 17 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल रहे है। शनिवार की बात करे तो राज्य में रिकॉर्ड 17 हजार 652 नये कोरोना मरीज मिले। वहीं, 160 मरीजों की मौत भी हुई। राजधानी जयपुर में सबसे ज्यादा मरीज मिले। यहां, शनिवार को 3441 नये मरीज मिले हैं, जबकि 54 मरीजों की मौत भी हुई। सूबे के सबसे बड़े अस्पताल SMS में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। यहां सभी वेंटिलेटर फुल हो गए हैं, जबकि अन्य बेड 60% से ज्यादा भर गए हैं। प्रदेश के प्रमुख शहरों जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, अजमेर सहित अन्य अस्पतालों में बेड फुल हो गए हैं। भर्ती होने के लिए मरीजों की लम्बी वेटिंग चल रही है।

भारत में कोरोना : पहली बार 3 लाख से ज्यादा मरीज हुए ठीक, 3,684 की हुई मौत

देश में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 92 हजार 459 नए मरीज मिले, 3,684 लोगों की जान भी चली गई। इसके साथ ही 3 लाख 8 हजार 522 लोग ठीक होकर घर लौटे। इससे पहले शुक्रवार को रिकॉर्ड 4 लाख 1 हजार 911 नए संक्रमितों की पहचान हुई। यह दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में मिले संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या थी। मौत के आंकड़ों की बात करें, तो दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें भी भारत में हो रही हैं। देश में कोरोना से सबसे ज्‍यादा प्रभावित महाराष्‍ट्र दिखाई पड़ रहा है।