जयपुर : 13 साल की बच्ची के गर्भवती होने पर हुआ नाबालिग से दुष्कर्म का खुलासा

जयपुर के मुहाना थाना इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां एक नाबालिक बच्ची गर्भवती हो गई और इसके बाद उससे हुई ज्यादती का खुलासा हुआ। बच्ची की उम्र 13 साल हैं जो कि पिछले काफी दिनों से गुमसुम दिखाई दे रही थी। बच्ची के गर्भवती होने पर 2 महीने बाद परिजनों को मामले का पता लगा और उन्होंने थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जब आरोपी बच्ची के कमरे में आया था तब उसका पिता कोविड के कारण हॉस्पिटल में एडमिट था।
मुहाना थानाधिकारी लखन सिंह खटाना का कहना है कि आरोपी छोटू कुमार (19) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह मूलतः बिहार का रहने वाला है और यहां 6 साल से किराये पर रह रहा था। एक दिन बच्ची के पेट में दर्द होने पर डॉक्टर के पास ले गए थे। डॉक्टर ने जांच करके बताया कि वह गर्भवती है। बच्ची से पूछने पर पता लगा कि करीब 2 महीने पहले छोटु कुमार कमरे में आया था और उसने ज्यादती किया था। डर के कारण उसने ये बात किसी को नही बताई।