छत्तीसगढ़ : शहीदी सप्ताह के पहले दिन 11 नक्सलियों ने किया सरेंडर, इनमें एक लाख रुपए की इनामी महिला भी

आज बुधवार को नक्सलियों के शहीदी सप्ताह का पहला दिन था जिसपर दंतेवाड़ा में लोन वर्राटू अभियान के तहत 11 नक्सलियों ने सरेंडर किया हैं जिसमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से एक महिला नक्सली के ऊपर 1 लाख रुपए का इनाम भी घोषित है। दंतेवाड़ा पुलिस के द्वारा सालभर पहले लोन वर्राटू यानी घर वापस आइए अभियान की शुरुआत की गई थी। एक साथ इतनी संख्या में नक्सलियों के सरेंडर करने को दंतेवाड़ा SP डॉ अभिषेक पल्लव अपनी बड़ी कामयाबी मान रहे हैं। इस अभियान से प्रभावित होकर अब तक 103 इनामी सहित कुल 397 माओवादी मुख्यधारा में लौट चुके हैं। 1 साल में 100 से ज्यादा इनामी नक्सलियों का सरेंडर करवाने वाला दंतेवाड़ा देश का पहला जिला भी बन गया है।

दंतेवाड़ा पुलिस के सामने हथियार डालने वाले सभी नक्सली मलांगिर एरिया कमेटी में पिछले कई सालों से सक्रिय थे। इनमें KAMS अध्यक्ष रामबती के ऊपर 1 लाख रुपए रुपए का इनाम घोषित है। जबकि बाकी पुरुष नक्सली जनमिलिशिया सदस्य हैं। नक्सली सन्नू कड़ती चोलनार IED ब्लास्ट की घटना में शामिल था। इस घटना में 5 जवान शहीद हुए थे। वहीं अन्य नक्सली हत्या, लूट, आगजनी, सड़क काटना, बैनर लगाने जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। लोन वर्राटू अभियान के तहत जवानों ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में उन्हीं इलाके में सक्रिय माओवादियों की सूची को चस्पा कर सरेंडर करने की अपील की थी। इसी का फायदा दंतेवाड़ा पुलिस को मिला।