भरतपुर : गाय को बचाने के चक्कर में पलट गई यात्रियों से भरी बस, एक की मौत, 23 घायल

भरतपुर के नेशनल हाईवे 21 पर झालाटाला इलाके में मंगलवार सुबह एक भीषण हादसा देखने को मिला जहां गाय को बचाने के चक्कर में यात्रियों से भरी बस पलट गई और एक व्यक्ति की मौत हो गई एवं इसके अलावा 23 अन्य लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर हलैना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को हलैना हॉस्पिटल पहुंचाया गया। यहां से 10 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर भरतपुर रेफर किया गया। इनमें अधिकांश लोग गोरखपुर, इलाहाबाद और लखनऊ के रहने वाले हैं। यह सभी मजदूरी के लिए जयपुर होते हुए अहमदाबाद जा रहे थे। घायलों में 17 पुरूष, 2 महिला और 1 बच्चा शामिल है। इनमें 2 यात्रियों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं बस में सवार अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कर अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई है।
मंगलवार सुबह गोरखपुर से मजदूरों को लेकर बस अहमदाबाद जा रही थी। तभी झालाटाला के पास बस के सामने अचानक बेसहारा गोवंश आ गया। उसे बचाने के लिए ड्राइवर ने कट मारा तो बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घटनास्थल पर मौजूद लोग बस के गेट और खिड़कियों के कांच तोड़कर अंदर घुसे और यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन बुलाकर बस को सीधा किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। इनमें एक यात्री की मौत हो गई। उसकी पहचान आधार कार्ड से हुई, जो इलाहाबाद का रहने वाला था।