प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पार्टी की नई संगठनात्मक टीम के साथ हुई इस मुलाकात के दौरान संगठन को मजबूत करने और लोगों से जुड़ाव बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
बैठक के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नजरिए पर केंद्रित होती हैं। उनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को और गहरा करना है। प्रधानमंत्री ने नई संगठनात्मक टीम और पार्टी के सहयोगियों के साथ हुई बातचीत को अच्छा बताया। उन्होंने बैठक की एक तस्वीर भी साझा की।
युवाओं से जुड़ाव बढ़ाने पर फोकसपीएम मोदी की नई टीम के साथ यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब बीजेपी जेनजी आउटरीच प्रोग्राम के जरिए युवाओं के साथ अपना संपर्क बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इससे एक दिन पहले नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक की अध्यक्षता की थी। इस बैठक के साथ नए पदाधिकारियों की संगठनात्मक जिम्मेदारियों की औपचारिक शुरुआत हुई।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भी युवाओं के मुद्दे को प्रमुखता दी गई। नितिन नवीन ने पदाधिकारियों से युवाओं के साथ अधिक संवाद कायम करने और उनके साथ संगठन का जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया।
'नेशन फर्स्ट' की भावना से काम करने का निर्देशबैठक में संगठन के कामकाज के साथ पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों को 'नेशन फर्स्ट' की भावना के साथ काम करने और संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करने की बात कही गई। पदाधिकारियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
आचरण और अनुशासन पर भी जोरराष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में सार्वजनिक जीवन में संयम और अनुशासन बनाए रखने को लेकर भी निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों से अपने आचरण और व्यवहार में अनुशासन रखने की नसीहत दी गई।
राजनीतिक मुद्दों पर विपक्ष के सवालों और आरोपों का जवाब तथ्यों के आधार पर देने पर भी जोर रहा। पदाधिकारियों को राजनीतिक विषयों पर तथ्यात्मक और प्रभावी तरीके से अपनी बात रखने के लिए कहा गया।
रविवार को संगठन की समीक्षा बैठकबीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को संगठन के कामकाज की समीक्षा के लिए बैठक करने वाले हैं। इसमें सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल होंगे। बैठक सुबह 10 बजे बीजेपी मुख्यालय में प्रस्तावित है।
इस दौरान चुनावी राज्यों, जिनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब शामिल हैं, में चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। पार्टी की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होने की बात कही गई है।