नाश्ते में बनाएं नरम और स्पंजी सूजी ढोकला, नोट करें रेसिपी

सुबह के नाश्ते में अगर कुछ हल्का, स्वादिष्ट और आसानी से तैयार होने वाला बनाने का मन है, तो सूजी ढोकला अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे तैयार करने के लिए बेसन की जगह सूजी का इस्तेमाल किया जाता है और दही से बैटर तैयार किया जाता है। इसकी खासियत इसका नरम और स्पंजी टेक्सचर है, जिसे सही तरीके से बैटर तैयार करके और भाप में पकाकर हासिल किया जा सकता है।

सूजी ढोकला बनाने में बहुत ज्यादा समय भी नहीं लगता। बैटर को कुछ देर आराम देने के बाद इसमें इनो मिलाया जाता है और फिर तुरंत स्टीम किया जाता है। ऊपर से सरसों, तिल, करी पत्ते और हरी मिर्च का तड़का इसके स्वाद को और बढ़ा देता है।

सूजी ढोकला के लिए सामग्री

बैटर के लिए:


1 कप सूजी (रवा)
1 कप दही, ताजा या हल्का खट्टा
1/2 कप पानी
1 बड़ा चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
स्वादानुसार नमक
1 छोटा चम्मच इनो या 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा

तड़के के लिए:

1 बड़ा चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच राई
1 बड़ा चम्मच सफेद तिल
8-10 करी पत्ते
2 हरी मिर्च, लंबाई में कटी हुई
1 चुटकी हींग
1 छोटा चम्मच चीनी
1/2 कप पानी
बैटर तैयार करने का तरीका

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी, दही और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें। बर्तन को ढककर करीब 15-20 मिनट के लिए रख दें। इस दौरान सूजी पानी सोखकर फूल जाएगी।

अब स्टीमर या गहरी कढ़ाई में करीब 2 गिलास पानी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। जिस प्लेट या थाली में ढोकला पकाना है, उसे थोड़े तेल से अच्छी तरह चिकना कर लें।

15-20 मिनट बाद सूजी के घोल को दोबारा मिलाएं। अगर बैटर जरूरत से ज्यादा गाढ़ा हो गया हो तो इसमें 1-2 चम्मच पानी डालकर इसकी कंसिस्टेंसी ठीक करें। इसके बाद अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और एक बड़ा चम्मच तेल डालकर मिला दें।

स्पंजी बनाने के लिए इस स्टेप का रखें ध्यान

ढोकले को स्टीमर में रखने से ठीक पहले बैटर में इनो डालें। इसके ऊपर एक छोटा चम्मच पानी डालकर हल्के हाथ से एक ही दिशा में करीब 5-10 सेकंड तक मिलाएं। ऐसा करने से बैटर हल्का और झागदार हो जाएगा।

इनो मिलाने के बाद ज्यादा देर इंतजार न करें। तुरंत बैटर को तेल लगी थाली में डालें और थाली को हल्का सा टैप करें। इसे स्टीमर में रखकर ढक दें और तेज आंच पर करीब 12-15 मिनट तक पकाएं।

ढोकला तैयार हुआ है या नहीं, यह जांचने के लिए उसमें टूथपिक डालें। अगर टूथपिक साफ निकलती है तो ढोकला पक चुका है। इसे स्टीमर से निकालकर करीब 5 मिनट ठंडा होने दें।

ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट तड़का

एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, हींग, करी पत्ते, सफेद तिल और कटी हुई हरी मिर्च डालकर तड़काएं। इसके बाद आधा कप पानी और एक छोटा चम्मच चीनी डालें। मिश्रण में उबाल आने दें और फिर गैस बंद कर दें।

तैयार तड़के को ढोकले के ऊपर डालें और उसे मनचाहे आकार में काटकर परोसें। इस तरह घर पर नरम, हल्का और स्वाद से भरपूर सूजी ढोकला तैयार किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: बचे हुए चावल फेंकने की बजाय बनाएं स्पंजी ढोकला, स्वाद भी लाजवाब और रेसिपी भी आसान