जब हल्की भूख में कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का मन करे, तो बाजार के अनहेल्दी स्नैक्स की जगह मखाना भेल एक अच्छा विकल्प हो सकती है। मखाने को सब्जियों, चटनी और मसालों के साथ मिलाकर तैयार की जाने वाली यह भेल स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी है। मखाने में प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। खास बात यह है कि इसे घर पर कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है।
मखाना भेल के लिए जरूरी सामग्रीइस हेल्दी स्नैक को बनाने के लिए 2 कप मखाना, 1 छोटा चम्मच देसी घी, 1 उबला आलू, 1 बारीक कटा प्याज, 1 बीज निकला हुआ बारीक कटा टमाटर और 1 बारीक कटी हरी मिर्च चाहिए।
इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए 1 से 2 चम्मच धनिया-पुदीना की हरी चटनी, 1 चम्मच इमली की मीठी चटनी, आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला और स्वादानुसार काला नमक लें। सजावट के लिए 2 बड़े चम्मच अनार के दाने, थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया और 2 बड़े चम्मच मूंगफली या सेव रख सकते हैं।
सबसे पहले मखानों को करें क्रिस्पीमखाना भेल का स्वाद काफी हद तक उसके क्रंच पर निर्भर करता है। इसके लिए कढ़ाई में एक छोटा चम्मच देसी घी डालकर धीमी आंच पर मखानों को भूनें। करीब 5 से 7 मिनट तक उन्हें लगातार चलाते रहें, ताकि वे समान रूप से कुरकुरे हो जाएं।
मखाना अच्छी तरह भुना है या नहीं, इसे हाथ से तोड़कर जांच सकते हैं। अगर वह आसानी से टूटते हुए क्रंच महसूस कराए, तो इसे आंच से उतार लें और थोड़ी देर ठंडा होने दें।
सब्जियों और चटनी का तैयार करें मिश्रणअब एक बड़े बाउल में कटे हुए प्याज, टमाटर, उबले आलू और हरी मिर्च डालें। इसमें चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और काला नमक मिलाएं। इसके बाद धनिया-पुदीना की हरी चटनी और इमली की मीठी चटनी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
आखिर में डालें भुने मखानेभुने हुए मखानों को शुरुआत में मिलाने के बजाय सबसे आखिर में डालना जरूरी है। ऐसा करने से उनका कुरकुरापन लंबे समय तक बना रहता है। परोसने से ठीक पहले मखानों को तैयार मिश्रण में डालें और हल्के हाथों से सभी चीजों को टॉस करें।
अब भेल को सर्विंग प्लेट में निकालें। ऊपर से हरा धनिया और अनार के दाने डालें। चाहें तो इसमें भुनी हुई मूंगफली या सेव भी मिलाई जा सकती है। मखाना भेल को तैयार करने के बाद तुरंत परोसना बेहतर है, क्योंकि देर तक रखने पर मखाने नरम पड़ सकते हैं।
यह चटपटा स्नैक बच्चों के टिफिन, शाम की चाय या हल्की भूख के समय खाया जा सकता है। सामग्री और स्वाद का यह संयोजन इसे स्वाद के साथ पौष्टिक विकल्प भी बनाता है।
यह भी पढ़ें: चावल के आटे और चना दाल से बनाएं टेस्टी फरे, हल्के, हेल्दी और स्वाद से भरपूर; मिनटों में तैयार होगी आसान रेसिपी