जन्माष्टमी के पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है। इनमें धनिया पंजीरी का खास स्थान है। अगर आप इस बार बाजार से पंजीरी खरीदने के बजाय घर पर बनाना चाहते हैं, तो इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। धनिया पाउडर के साथ मखाने, मेवे, नारियल और इलायची मिलाकर बनने वाली यह रेसिपी ज्यादा मुश्किल नहीं है। आइए जानते हैं इसे बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और क्या है पूरा तरीका।
धनिया पंजीरी के लिए सामग्री1 कप ताजा पिसा हुआ धनिया पाउडर
3 से 4 बड़े चम्मच शुद्ध घी
1 कप छोटे टुकड़ों में कटे हुए मखाने
आधा कप कटे हुए बादाम, काजू और पिस्ता
आधा कप घिसा हुआ नारियल
आधा कप बूरा या पिसी हुई चीनी
1 बड़ा चम्मच चिरौंजी
आधा छोटा चम्मच हरी इलायची पाउडर
पहले भूनें मेवे और मखाने
धनिया पंजीरी तैयार करने के लिए सबसे पहले भारी तले वाली कढ़ाई लें और उसमें करीब 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें। घी गर्म होने पर कटे हुए काजू, बादाम और चिरौंजी डालें। इन्हें मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। भुनने के बाद सभी चीजों को एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
अब उसी कढ़ाई में बचा हुआ थोड़ा घी डालें और मखाने डालकर भूनें। मखानों को तब तक सेंकें, जब तक वे कुरकुरे न हो जाएं। इसके बाद इन्हें भी कढ़ाई से निकालकर अलग रख दें।
धनिया पाउडर को धीमी आंच पर भूनेंअब कढ़ाई में करीब 1 बड़ा चम्मच घी डालें और उसमें धनिया पाउडर डालकर धीमी आंच पर भूनना शुरू करें। धनिया पाउडर को लगातार चलाते रहें, ताकि वह कढ़ाई में चिपके नहीं। जब धनिए से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग थोड़ा गहरा दिखाई देने लगे, तो समझें कि यह भुन चुका है।
इसके बाद इसमें घिसा हुआ नारियल डालकर मिला दें। अब गैस बंद कर दें। कढ़ाई में मौजूद गर्माहट से नारियल भी हल्का भुन जाएगा।
आखिर में मिलाएं चीनीभुने हुए धनिया और नारियल के मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें। इसमें पहले से भुने हुए मेवे और मखाने डालें। साथ ही हरी इलायची पाउडर भी मिला दें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
जब मिश्रण पूरी तरह ठंडा हो जाए, तभी इसमें बूरा या पिसी हुई चीनी डालें। स्वाद के अनुसार चीनी की मात्रा रखी जा सकती है। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद धनिया पंजीरी तैयार है। इसे जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को भोग में अर्पित किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: बाजार से कलाकंद लाने की जरूरत नहीं, घर पर इस आसान रेसिपी से बनाएं दानेदार और स्वादिष्ट मिठाई