शाम के समय चाय के साथ अगर कुछ स्वादिष्ट और कुरकुरा खाने का मन हो, तो चीजी पनीर ब्रेड रोल एक अच्छा विकल्प हो सकता है। पनीर और चीज से तैयार इसकी फिलिंग स्वाद को खास बनाती है, जबकि सही तरीके से तैयार करने पर ब्रेड बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम रहती है। बच्चों और बड़ों के लिए इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।
चीजी पनीर ब्रेड रोल के लिए जरूरी सामग्रीइस स्नैक को बनाने के लिए 250 ग्राम पनीर, 100 ग्राम चीज, 2 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक, एक मुट्ठी बारीक कटा प्याज, एक मुट्ठी ताजा हरा धनिया, एक चुटकी ऑर्गैनो, एक चुटकी चिली फ्लैक्स और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी। इसके अलावा सैंडविच ब्रेड और तलने के लिए तेल रखें।
ऐसे तैयार करें पनीर-चीज की फिलिंगसबसे पहले पनीर को अच्छी तरह क्रश कर लें और चीज को कद्दूकस कर लें। दोनों को एक बाउल में डालकर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, प्याज और हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद ऑर्गैनो, चिली फ्लैक्स और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। तैयार मिश्रण को फिलिंग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा।
ब्रेड तैयार करने का तरीका है बेहद जरूरीब्रेड स्लाइस के चारों किनारों को काट दें। यह कदम रोल को अच्छी तरह बंद करने में मदद करता है। इसके बाद एक ब्रेड स्लाइस को पानी में डालकर दोनों तरफ से गीला करें और तुरंत हथेलियों के बीच रखकर अतिरिक्त पानी निकाल दें।
ब्रेड को इतना दबाएं कि वह अच्छी तरह चपटी हो जाए। ब्रेड के पूरी तरह फ्लैट होने से उसका टेक्सचर बदल जाता है और तलते समय उसके ज्यादा तेल सोखने की संभावना कम रहती है।
फिलिंग भरकर दें रोल का आकारअब तैयार फिलिंग का एक हिस्सा लेकर उसे हल्के हाथों से दबाकर एक साथ करें। इसे ब्रेड के बीच में रखें और ब्रेड के सभी कोनों को आपस में मिलाते हुए हथेली और उंगली की मदद से अंडाकार आकार दें।
रोल तैयार करते समय ध्यान रखें कि ब्रेड में कहीं भी दरार न रह जाए। इसी तरह बाकी ब्रेड स्लाइस में फिलिंग भरकर सभी रोल तैयार कर लें।
तेज आंच पर तलें, तभी आएगा क्रिस्पी टेक्सचरएक कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद एक बार में 3 से 4 ब्रेड रोल सावधानी से डालें। इन्हें तेज आंच पर तब तक फ्राई करें, जब तक इनका रंग गोल्डन ब्राउन और बाहरी परत कुरकुरी न हो जाए।
तैयार चीजी पनीर ब्रेड रोल को चटनी के साथ गर्मागर्म सर्व किया जा सकता है। अगर रोल की जगह कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो इसी प्रक्रिया को अपनाकर चीजी पनीर ब्रेड पॉकेट्स भी तैयार किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: हेल्दी डिनर के लिए बेस्ट है पनीर-ओट्स का कॉम्बिनेशन, मिनटों में बनाएं हाई प्रोटीन डिश