इस तरह करें बर्तनों की देखभाल, चमक रहेगी नई जैसी

रोज़ाना इस्तेमाल होने वाले बर्तन हों या फिर स्पेशल क्रॉकरी, लंबे समय तक उनकी चमक बरक़रार रखने के लिए उनकी सही देखभाल और सफ़ाई ज़रूरी है। आपके बर्तन हमेशा नए जैसे चमकें इसके लिए कैसे करें उनका मेंटेनेंस? आइए, जानते हैं।

क्रॉकरी केयर

क्रॉकरी का इस्तेमाल स़िर्फ खाना सर्व करने के लिए करना चाहिए, खाना बनाने के लिए नहीं। हमेशा प्रयोग में न आनेवाले क्रॉकरी आइटम्स को अख़बार में लपेटकर रखें। इससे उनमें खरोंच के निशान नहीं पड़ेंगे।गोल्डन या सिल्वर मेटालिक रिम वाली क्रॉकरीज़ को माइक्रोवेव में इस्तेमाल न करें।

कॉपर के बर्तन

आमतौर पर कॉपर (तांबे) के बर्तनों का भी रोज़ाना इस्तेमाल नहीं होता।कॉपर के बर्तन में खाना बनाते समय आंच हमेशा धीमी रखें और खाली कॉपर के बर्तन को आंच पर कभी न रखें।कॉपर के बर्तन साफ़ करने के लिए उसमें इमली का रस डालें। इसके बाद सूखे नमक से रगड़कर साफ़ करें। बर्तन साफ़ होने के साथ चमक उठेंगे।

ब्रास और सिल्वर के बर्तन


सिल्वर और ब्रास के बर्तनों का ज़्यादा इस्तेमाल पूजा-पाठ में किया जाता है।ब्रास व सिल्वर के बर्तनों के दाग़ साफ़ करने के लिए पहले इन्हें गरम पानी में डालें। अब नींबू के रस या इमली के पानी में थोड़ा-सा विनेगर मिलाकर इन बर्तनों को साफ़ करें। इन्हें दोबारा गरम पानी से धोएं।सिल्वर और ब्रास के बर्तनों की सफ़ाई के लिए ब्रासो बाज़ार में मिलता है। कॉटन (रुई) या साफ़ सूती कपड़े की सहायता से इसे बर्तनों पर लगाएं और 15 मिनट के लिए छोड़ दें। अब दोबारा रुई या सूती कपड़े की सहायता से बर्तनों को रगड़ें और गरम पानी डालकर साफ़ कर लें।

स्टेनलेस स्टील के बर्तन

स्टील के बर्तनों का इस्तेमाल भी स़िर्फ खाना सर्व करने के लिए करें, बनाने के लिए नहीं, क्योंकि इसमें कोई भी चीज़ जल्दी जल जाती है। स्टील के बर्तनों को आग या गर्मी के सीधे संपर्क में रखने से बचें।

नॉन स्टिक कुकवेयर

नॉन स्टिक कुकवेयर में आप कम तेल में हेल्दी खाना बना सकती हैं, मगर ये बहुत डेलिकेट होते हैं। इन्हें बहुत सावधानी से इस्तेमाल करना होता है।नॉन स्टिक बर्तन में खाना बनाते समय आंच हमेशा धीमी रखें।नॉन स्टिक बर्तन में खाना पकाते समय मेटल की बजाय लकड़ी के पलटे (स्पैटुला) का प्रयोग करें।नॉन स्टिक बर्तन में खाना पकाने के बाद उसे तुरंत पानी में भिगो दें ताकि बर्तन सूखने न पाए, क्योंकि सूखे बर्तन को धोते समय ज़्यादा रगड़ने से नॉन स्टिक की कोटिंग निकलने का डर रहता है।