घर को खूबसूरत बनाए वो भी कम बजट में, यहां से ले आइडियाज

अगर आपको भी लगता है कि अपना घर सजाने के लिए आपको बहुत सारे पैसे और महंगे इंटीरियर डिजाइनर्स की जरूरत है। तो यह पूरी तरह से सच नहीं है। अपने घर का मेकओवर करने के लिए पैसे से ज्यादा क्रिएटिविटी की जरूरत है। कम बजट में भी अपने घर को खूबसूरत कैसे बनाया जाए आईए जानें।

परदे और कलर्स पर दें ध्यान

घर को खूबसूरत बनाने में परदों और दीवारों के कलर्स का विशेष महत्व है। यदि आप एलआईजी और एमआईजी टाइप घरों में रहते हैं और आपका इंटीरियर का बजट 15 हजार तक है तो ज्यादा प्रयोग करने से बचें। एलआईजी और एमआईजी टाइप घरों के लिए यह जरूरी है कि आप दीवारों का रंग सफेद रखें, ताकि आप जिस भी रंग के परदे लगाएं वह उससे मेल खा सकें। यदि सफेद रंग पसंद नहीं है तो हल्के रंगों का उपयोग करें। लिविंग रूम में आप स्ट्राइप्स या चेक वाले परदे लगाएं, यह ज्यादा महंगे भी नहीं है।

मुख्य द्वार की सजावट

इसके लिए आप फूलों या मिट्टी से बने सजावट के सामान का इस्तेमाल कर सकती हैं। आजकल बाजार में मिट्टी से बना बेहद आकर्षक सजावट का सामान उपलब्ध है। आप अपने घर के मुख्य द्वार पर मिट्टी की रंग-बिरंगी विंड चाइम लगा सकती हैं। इसके अलावा आप दरवाजे के पास मिट्टी के आकर्षक बरतन में पानी भर कर उसमें 5 से 7 सुंदर फूल सजा सकती हैं।

मैचिंग जरूरी नहीं

खुद को और अपने घर को हमेशा एक्सपेरिमेंट के लिए तैयार रखें। उदाहरण के लिए अपने सोफा या काउच पर एक साइज के और एक जैसे कुशन रखने की बजाए अलग-अलग साइज और कलर के कुशन रखें, पर्दों के साथ भी आप ऐसा एक्सपेरिमेंट ट्राई कर सकती हैं। इतना ही नहीं आप अपने डाइनिंग टेबल के साथ भी अलग-अलग तरह की कुर्सियों को टीमअप कर सकती हैं।

वॉल कॉलाज


दीवारों को सजाना है तो कुछ आर्टवर्क्स टांगे। जरूरी नहीं कि ये आर्ट वर्क बेहद महंगे हों। आप किसी लोकल आर्ट स्टोर से या अपना कोई आर्ट वर्क भी फ्रेम कर दीवार पर टांग सकती हैं। वैसे अगर आप चाहें तो खाली फ्रेम भी आपके घर को एक यूनीक लुक देगा।

सोफा कवर बदलें


दूसरा विकल्प यह है कि सोफा बदलने की बजाय सोफे के कवर और कुशन को बदल दें। अगर आपके सोफे के कवर का रंग क्रीम है, तो कुशन आप तीन बड़े आकार के और तीन छोटे साइज के लें। छोटे वाले कुशन का रंग थोड़ा डार्क शेड का रखें। आप अपने कुशन कवर का रंग अपने दरवाजे और खिड़कियों के रंग से मैच करता हुआ भी रख सकती हैं।