खाना बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान, मिलेगा ऐसा स्वाद कि चाटते रह जाएंगे उंगलियां

खाना बनाना एक कला हैं जिसके बारे में जितना जाना जाए वह कम हैं। जी हां, खाना बनाने का हर क्षेत्र का अपना अलग जायका हैं और इसे बनाने का अपना अलग तरीका हैं। ऐसे में खाना बनाने की कई बारीकियां हैं जिन्हें जान लिया जाए तो आपके हाथों में स्वाद आ जाता हैं। आज इस कड़ी में हम आपको खाना बनाने से जुड़े कुछ ऐसे ही टिप्स के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जो आपके बड़े काम आएगी और खाने को जायकेदार बनाएगी। इन कुकिंग टिप्स की मदद से ऐसा स्वाद मिलेगा कि आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे। तो आइये जानते हैं इन टिप्स के बारे में..

- पनीर कभी-कभी बहुत कड़ा मिल जाता हैं। ऐसे में उन्हें नर्म करके काटने के लिये पनीर को दस मिनट तक गुनगुने पानी में नमक डालकर रखें। इस तरह पनीर नरम और मुलायम हो जाता है।
- चावल बनाते समय अगर इसमें थोड़ा नीबू का रस मिला दें तो चावल खिले-खिले और टेस्टफुल भी बनते हैं।
- भिंडी को ज्यादा समय तक ताज़ा बनाये रखने की दिक्कत आये तो इस पर सरसों का तेल लगा दें। इससे इनकी ताज़गी बरकरार रहेगी।
- दाल बनाते समय उसमें शुरुआत में ही नमक न डालें, तब यह अच्छी तरह गलेगी। इसके बनने के बाद ही इसमें नमक मिलायें। खासतौर पर उड़द या राजमा जैसे देर से गलने वाली चीजों को बनाने में यह उपाय बहुत कारगर है।
- नूडल्स के साथ उबलते पानी में थोड़ा नमक और तेल डाल दें। इसके बाद निकालकर ठंडे पानी से धोयें। ताकि वे आपस में चिपकने न पायें।

- पराठे बनाते समय उसमें थोड़ा उबला आलू कद्दूकस कर के मिला लें, इससे पराठे टेस्टी बनते हैं। साथ ही पराठे तेल या घी की बजाय बटर में बनाये जायें तो भी इनका टेस्ट बढ़ जाता है।
- ग्रेवी को बनाकर उसमें कुछ सत्तू भी मिला लें। इससे आपकी ग्रेवी गाढ़ी होने के साथ ही टेस्टी भी हो जाती है।
- पकौड़े बनाने के लिये घोल बनाते समय उसमें थोड़ा सा अरारोट और गर्म तेल मिला दें। इससे पकौड़े कुरकुरे होने के साथ ही स्वादिष्ट भी बनते हैं। इसके अलावा पकौड़े सर्व करते समय उस पर चाट मसाला छिड़क देने से उनका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
- खस्ता पूरियां बनाने के लिये आटा लगाते समय उसमें थोड़ा चावल का आटा भी मिला लें। चावल के आटे की जगह सूजी भी मिला सकते हैं। साथ ही आटा गूंथते समय उसमें एक-दो चम्मच चीनी मिला लेने पर वे अच्छी तरह फूल जाती हैं।
- हमें मालूम होना चाहिये कि रायता बनाने में हींग और जीरा का खास इस्तेमाल होता है। पर अगर हम रायते में इसे भूनकर और पीसकर डालने के बजाय इनका तड़का लगायें तो रायता ज्यादा टेस्टी बनता है।