केला एक ऐसा फल है जो बहुत जल्दी पक जाता है। यही वजह है कि इसे सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो यह जल्दी खराब भी हो सकता है। अगर केले को दूसरे फलों के साथ रख दिया जाए तो वे और तेजी से पकने लगते हैं। जब केला पूरी तरह पक जाता है तो उसके छिलके पर पहले छोटे-छोटे काले धब्बे दिखाई देते हैं और धीरे-धीरे वह अंदर से नरम होकर गलने लगता है। ज्यादा पका हुआ केला पूरी तरह काला हो जाता है और फिर उसे खाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में कई लोग डर की वजह से कम केले खरीदते हैं या जल्दी-जल्दी खत्म करने की कोशिश करते हैं। अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में रखे केले ज्यादा समय तक ताजे रहें, तो कुछ आसान उपाय अपनाकर उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। आइए जानते हैं केले को जल्दी पकने और खराब होने से कैसे बचाया जा सकता है।
केले को काला पड़ने से बचाने के तरीकेजब भी बाजार से केले खरीदें तो कोशिश करें कि कुछ केले पूरी तरह पके हुए हों और कुछ हल्के कच्चे हों, जो 1–2 दिन में पकने वाले हों। इससे आप उन्हें अलग-अलग समय पर खा पाएंगे।
केले को गुच्छे में रखने के बजाय एक-एक करके अलग कर दें। जब केले अलग-अलग रखे जाते हैं तो वे धीरे-धीरे पकते हैं और जल्दी काले नहीं पड़ते।
केले के डंठल को पॉलिथिन या प्लास्टिक रैप से अच्छी तरह लपेट दें। दरअसल, केले के डंठल से एथिलीन गैस निकलती है, जो उन्हें तेजी से पकाने का काम करती है। डंठल को ढकने से यह प्रक्रिया थोड़ी धीमी हो जाती है।
केले को किसी अन्य फल के साथ न रखें। खासतौर पर सेब जैसे फल भी एथिलीन गैस छोड़ते हैं, जिससे केले जल्दी पकने लगते हैं। इसलिए इन्हें अलग टोकरी में रखना बेहतर होता है।
आजकल बाजार में केले रखने के लिए खास तरह के केला हैंगर भी मिलते हैं। आप उनमें केले टांगकर रख सकते हैं। इस तरह रखने से केले ज्यादा दिनों तक ताजे बने रहते हैं।
केले को ज्यादा समय तक फ्रेश रखने के लिए विटामिन C की टैबलेट का भी उपयोग किया जा सकता है। विटामिन C की गोली पानी में घोल लें और उस पानी से केले को हल्का सा धोकर रखें। इससे केले जल्दी खराब नहीं होते।
केले को गलने से बचाने के उपायअगर आप चाहते हैं कि केले जल्दी गलें नहीं, तो उन्हें गर्म जगह या आग के पास बिल्कुल न रखें। ज्यादा गर्मी मिलने से केले तेजी से पकने लगते हैं और जल्दी खराब हो जाते हैं।
केले को फ्रिज में रखना भी सही नहीं माना जाता, क्योंकि ठंडे तापमान में उनका छिलका जल्दी काला पड़ने लगता है। केले को हमेशा कमरे के सामान्य तापमान यानी रूम टेम्परेचर पर रखना चाहिए। इससे वे लंबे समय तक ठीक रहते हैं।
आप चाहें तो केले को वैक्स पेपर से हल्के से ढककर भी रख सकते हैं। इससे उनके ऊपर हवा और नमी का असर कम होता है और वे ज्यादा समय तक ताजे बने रहते हैं। इन आसान तरीकों को अपनाकर आप केले को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं और उन्हें जल्दी काला या खराब होने से बचा सकते हैं।