नारियल पानी को सबसे हेल्दी और प्राकृतिक ड्रिंक्स में से एक माना जाता है। इसमें मौजूद कई जरूरी मिनरल्स, विटामिन और इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ सेहत को भी कई फायदे पहुंचाते हैं। यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स अक्सर नारियल पानी को डेली डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। हालांकि नारियल पानी पीने का असली आनंद तभी मिलता है, जब उसका स्वाद मीठा और ताजगी से भरपूर हो।
अक्सर लोग बाजार से नारियल खरीदते समय यह समझ नहीं पाते कि कौन सा नारियल मीठे पानी वाला होगा। कई बार देखने में अच्छा लगने वाला नारियल भी अंदर से फीका या कम पानी वाला निकल जाता है। अगर आप भी मीठे पानी वाला नारियल चुनना चाहते हैं, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर सही नारियल की पहचान कर सकते हैं। आइए जानते हैं नारियल खरीदते समय किन बातों को ध्यान में रखना चाहिए।
नारियल के रंग से लगाएं अंदाजानारियल का रंग उसकी ताजगी और गुणवत्ता के बारे में काफी कुछ बता देता है। आमतौर पर गहरे हरे रंग या हल्के पीले रंग के नारियल ज्यादा ताजे माने जाते हैं। ऐसे नारियल में मीठा और भरपूर पानी मिलने की संभावना अधिक होती है। वहीं अगर नारियल का रंग ज्यादा भूरा हो गया हो या उस पर ज्यादा दाग-धब्बे नजर आ रहे हों, तो उसे खरीदने से बचना बेहतर होता है, क्योंकि ऐसे नारियल पुराने हो सकते हैं।
इसके अलावा नारियल खरीदते समय उसे हल्का सा कान के पास हिलाकर भी देख सकते हैं। अगर अंदर से पानी के हिलने या छलकने की आवाज साफ सुनाई दे रही है, तो समझ लीजिए कि नारियल के अंदर अच्छी मात्रा में पानी मौजूद है।
नारियल की “आंखों” को जरूर जांचेंहर नारियल के ऊपरी हिस्से पर तीन छोटे गोल निशान होते हैं, जिन्हें आमतौर पर नारियल की “आंखें” कहा जाता है। अच्छे नारियल की पहचान करने के लिए इन निशानों को हल्के से दबाकर देखना चाहिए।
अगर ये हिस्से थोड़े नरम या हल्की नमी वाले महसूस हों, तो इसका मतलब यह हो सकता है कि नारियल के अंदर पानी ताजा और स्वाद में मीठा है। ऐसे नारियल को खरीदना एक बेहतर विकल्प माना जाता है।
आकार और वजन से भी करें पहचाननारियल का आकार भी उसकी गुणवत्ता के बारे में संकेत देता है। बहुत ज्यादा गोल आकार वाले नारियल के बजाय हल्के कोनिकल यानी ऊपर से थोड़ा नुकीले आकार वाले नारियल को चुनना बेहतर माना जाता है। माना जाता है कि इस तरह के नारियल में मलाई कम और पानी ज्यादा होता है।
इसके साथ ही नारियल खरीदते समय उसका वजन भी जरूर जांच लें। हमेशा वही नारियल चुनें जो हाथ में उठाने पर भारी महसूस हो। भारी नारियल में आमतौर पर पानी ज्यादा होता है। वहीं अगर नारियल हल्का लगे, तो संभव है कि उसके अंदर का पानी पहले ही कम हो चुका हो या सूख गया हो।
इन आसान टिप्स को ध्यान में रखकर आप बाजार से मीठे पानी वाला नारियल आसानी से चुन सकते हैं और ताजे, स्वादिष्ट नारियल पानी का पूरा आनंद ले सकते हैं।