चश्मा पहनने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशानी उसकी नियमित सफाई होती है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी लेंस पर खरोंच यानी स्क्रैच का कारण बन सकती है। अक्सर लोग जल्दी-जल्दी में शर्ट के किनारे, रुमाल या साड़ी के पल्लू से ही चश्मा पोंछ लेते हैं, जो देखने में तो आसान लगता है लेकिन इससे लेंस की कोटिंग खराब होने और स्क्रैच आने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर जब लेंस सूखे हों, तब गलत तरीके से साफ करने पर नुकसान और भी ज्यादा हो सकता है। इसलिए चश्मा साफ करने का सही तरीका जानना बेहद जरूरी है।
चश्मे के लेंस साफ करने का सही तरीका
हल्के बहते पानी से करें शुरुआतचश्मे को साफ करने का पहला और सबसे सुरक्षित तरीका है उसे नल के हल्के बहते पानी के नीचे धोना। इससे लेंस पर जमी धूल, मिट्टी और छोटे कण आसानी से निकल जाते हैं, जिससे आगे की सफाई के दौरान स्क्रैच पड़ने की संभावना कम हो जाती है।
ध्यान रखें कि गर्म पानी का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे लेंस की खास कोटिंग जैसे एंटी-रिफ्लेक्टिव लेयर को नुकसान पहुंच सकता है और उसकी चमक भी कम हो सकती है।
थोड़ा सा लिक्विड साबुन करें इस्तेमाललेंस की बेहतर सफाई के लिए बहुत कम मात्रा में हल्का डिशवॉशिंग लिक्विड इस्तेमाल किया जा सकता है। इसकी एक या दो बूंद अपनी उंगलियों पर लेकर धीरे-धीरे लेंस पर लगाएं और हल्के हाथ से साफ करें।
इस दौरान ऐसे किसी भी साबुन से बचें जिनमें “एंटीबैक्टीरियल”, “ग्रीस-कटिंग”, “सिट्रस” या भारी केमिकल मौजूद हों, क्योंकि ये लेंस की कोटिंग को धीरे-धीरे खराब कर सकते हैं। साबुन लगाने के बाद दोनों तरफ से अच्छे से धोना जरूरी है ताकि कोई भी अवशेष न रह जाए।
सही कपड़े का चुनाव बहुत जरूरीचश्मा पोंछने के लिए सबसे जरूरी चीज है सही कपड़ा। हमेशा माइक्रोफाइबर या बेहद मुलायम, बिना रेशे वाला कपड़ा ही इस्तेमाल करें।
रेशेदार तौलिए या पुराने कपड़े में धूल और कण फंस जाते हैं, जो लेंस पर हल्की-हल्की खरोंच डाल सकते हैं और समय के साथ विज़न को भी प्रभावित कर सकते हैं।
चश्मा साफ करते समय किन गलतियों से बचेंशर्ट, दुपट्टा या किसी भी कपड़े से लेंस पोंछने की आदत न डालें, खासकर जब लेंस सूखा हो
लेंस साफ करने के लिए थूक का इस्तेमाल बिल्कुल न करें
घरेलू ग्लास क्लीनर या केमिकल स्प्रे का उपयोग न करें, ये कोटिंग खराब कर सकते हैं
टिशू पेपर, नैपकिन या पेपर टॉवल से लेंस साफ न करें क्योंकि इनमें खुरदुरापन होता है
पहले से मौजूद स्क्रैच को रगड़कर हटाने की कोशिश न करें, इससे नुकसान और बढ़ सकता है