मैसूर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है चामुंडी पहाड़ी

मैसूर कर्नाटक की सांस्कृतिक राजधानी होने के साथ-साथ राज्य का दूसरा सबसे बड़ा शहर भी है। दक्षिण भारत का यह प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अपने वैभव और शाही परिवेश के लिए जाना जाता है। मैसूर शहर का क्षेत्रफल 128.42 वर्ग किमी (50 वर्ग मील) का क्षेत्र शामिल है और यह चामुंडी हिल्स के आधार पर स्थित है। मैसूर भारत के सबसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में से एक है। मैसूर को पैलेस सिटी ऑफ इंडिया के रूप में भी जाना जाता है। वृन्दावन गार्डन, श्रीरंगपट्टना, मंड्या जिला का एक प्रसिद्ध शो उद्यान हैं। यह एक खूबसूरत वनस्पति उद्यान है जो अपने संगीतमय फव्वारों के चलते काफी प्रसिद्ध हैं। वैसे तो मैसूर में घूमने के लिए बहुत सारी जगह है लेकिन उन सब में से खास है : चामुंडी पहाड़ी

चामुंडी पहाड़ी कर्नाटक के मैसूर शहर में स्थित है। मैसूर से 13 किलोमिटर की दूरी पर दक्षिण में स्थित यह पहाड़ी मैसूर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिनी जाती है। पहाड़ी की चोटी पर महिषासुर मर्दनी भगवती चामुण्डा का 'चामुंडेश्वरी मंदिर' है। चामुंडी पहाड़ी पर महिषासुर की एक ऊँची मूर्ति है और उसके बाद मंदिर है, जो अत्यंत विशाल है। चामुंडेश्वरी मंदिर का निर्माण 12वीं शताब्दी में किया गया था। यह मंदिर देवी दुर्गा की राक्षस महिषासुर पर विजय का प्रतीक है। मंदिर के मुख्य गर्भगृह में स्थापित देवी की प्रतिमा शुद्ध सोने की बनी हुई है। यह मंदिर द्रविड़ वास्तुकला का एक बहुत ही बेहतर नमूना है। चामुंडेश्वरी मंदिर की इमारत सात मंजिला है, जिसकी कुल ऊँचाई 40 मीटर है। मुख्य मंदिर के पीछे महाबलेश्वर को समर्पित एक छोटा-सा मंदिर भी है, जो लगभग एक हज़ार वर्ष से भी ज़्यादा पुराना है। पहाड़ी की चोटी से मैसूर का मनोरम दृश्य दिखाई पड़ता है। चामुंडी पहाड़ी के रास्ते में काले ग्रेनाइट के पत्थर से बने भगवान शिव के सेवक नन्दी के भी दर्शन होते हैं।