Holi Special : विदेशों में भी खेली जाती हैं होली लेकिन अपने अलग अंदाज में, जानें इसके बारे में

आने वाले दिनों में होली का त्यौहार आने वाला हैं जिसे रंगों के लिए जाना जाता हैं। इस दिन सभी लोग रंगों में सराबोर होते हैं और सभी एक-समान दिखाई देते हैं। देश में यह दिन अपने साथ नई उमंग लेकर आता हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस तरह भारत में होली खेली जाती हैं उसी तरह विदेशों में भी होली का अपना अलग अंदाज देखने को मिलता हैं। आज इस कड़ी में हम आपको दुन‍िया के अलग-अलग कोनों में दिखने वाले होली के अनूठे अंदाज की जानकारी देने जा रहे हैं। तो आइये जानते हैं इसके बारे में।

पोलैंड में है भारत जैसा ही होली का रंग

पोलैंड में होली की तरह अर्सीना नाम का त्योहार मनाते हैं। इस अवसर पर लोग एक-दूसरे पर रंग डालते हैं। और एक-दूसरे के गले मिलते हैं। पुरानी शत्रुता भूलकर नए सिरे से रिश्ते बनाने के लिए यह श्रेष्ठ उत्सव माना जाता है। चेकोस्लोवाकिया में भी बलिया कनौसे नाम से एक त्योहार बिल्कुल होली के ढंग से ही मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग आपस में एक-दूसरे पर रंग डालते हैं और नाचते-गाते हैं।

इटली में खेलते हैं संतरे और टमाटर की होली

होली की तरह ही इटली में फरवरी माह में बैटल ऑफ द ऑरेंज फेस्ट मनाया जाता है। इस पर्व में सभी एक-दूसरे पर ऑरेंज यानी क‍ि संतरे फेंकते हैं। इसके अलावा स्‍पेन में होली की ही तरह ला टोमाटीना पर्व मनाया जाता है। इसमें लोग एक-दूसरे के ऊपर टमाटर फेंककर अपनी खुशी का इजहार करते हैं।

म्यामांर में खेलते हैं पानी वाली होली

भारत के पड़ोसी देश म्यामांर में मेकांग के नाम से पानी का त्योहार मनाया जाता है। इसे थिंगयान भी कहते हैं। म्यामांर के नववर्ष पर मेकांग मनाया जाता है। इस त्योहार में देश के सभी लोग भाग लेते हैं। लोग एक-दूसरे पर रंग और पानी की बौछार करते हैं। वहां के लोगों का मानना है कि आपस में एक-दूसरे पर पानी डालकर पाप धोएं जाते हैं।

दक्षिण कोरिया मेंखेलते हैं कीचड़ और ठंडे पानी से होली

भारत की होली की ही तरह दक्षिण कोरिया में बोरीयोंग मड फेस्टिवल मनाया जाता है। यह पर्व हर पर्व जुलाई महीने में मनाया जाता है। इसद‍िन लोग एक-दूसरे के ऊपर मिट्टी लगाते हैं और कीचड़ फेंकते हैं। इसके अलावा थाईलैंड में होली की ही तरह अप्रैल माह में सोंगक्रन नाम का एक पर्व मनाया जाता है। इस पर्व में सभी एक-दूसरे पर ठंडा पानी डालते हैं और नए साल का स्‍वागत करते हैं।

ऑस्‍ट्रेल‍िया में चारों ओर नजर आते हैं तरबूज

आस्ट्रेलिया में होली की तरह ही एक रोमांचकारी त्योहार मनाया जाता है। भारत में जैसे होली पर हर तरफ रंग ही रंग दिखाई देते हैं। वैसे ही यहां हर ओर तरबूज ही तरबूज दिखते हैं। इस त्योहार पर ऐसा लगता है जैसे तरबूजों की नदी बहने लगती है। इस त्योहार में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं, जिसमें यहां के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।