शिमला से 18 और कुफरी से महज 6 किलोमीटर दूर है यह खूबसूरत गांव, बर्फ से ढकी रहती हैं वादियां

अगर आप शोर-शराबा से दूर घूमने की कोई जगह तलाश कर रहे है तो हम आपकी तलाश को आज खत्म कर देते है। आज हम आपके लिए ऐसी जगह लेकर आए है जहां शोर-शराबा और टूरिस्टों की आवाजाही दोनों ही कम है। यह जगह हिमाचल प्रदेश में स्थित है। इस जगह का नाम है फागू। फागू शहर की दौड़ भाग से दूर आपको एक असीम शांति का एहसास कराती है। यहां आप अपने पार्टनर और फैमिली के साथ एक अच्छा टाइम स्पेंड कर सकते हैं। यही वजह है कि दूर-दराज के पहाड़ी गांवों और अनटच ब्यूटी को निहारने की ख्वाहिश रखने वाले सैलानियों की लिस्ट में फागु का नाम सबसे ऊपर रहता है। फागु साल के 9 महीने कोहरे से घिरा रहता है और यहां की वादियां बर्फ से ढकी रहती हैं।

फागू शब्द की उत्पत्ति फॉग यानी कोहरा से हुआ है। जानकारों की मानें तो सर्दियों में तापमान बहुत घट जाता है। साथ ही फॉग भी बहुत बढ़ जाता है। इसके लिए इस जगह का नाम फागू है। समुद्रतल से इसकी ऊंचाई 2450 मीटर है। इस जगह से पर्यटक हिमालय का दीदार कर सकते हैं। यह जगह शिमला से 18 किलोमीटर और कुफरी से महज 6 किलोमीटर दूर है।

फागू जाने का समय

सर्दी के दिनों में फागू की खूबसूरती देखने लायक रहती है। बर्फ की चादरों से ढंकी वादियां बेहद खूबसूरत दिखती हैं। साथ ही समर सीजन में भी फागू में मौसम सुहाना रहता है। इसके लिए मई से लेकर अक्टूबर तक काफी संख्या में पर्यटक फागू आते हैं। अगर आप स्नोफॉल यानी बर्फ गिरने का आनंद उठाना चाहते हैं, तो सर्दी के दिनों में फागू जाएं। पर्यटक यहां एडवेंचर स्पोर्ट्स का भी लुत्फ उठा सकते हैं। जिनमे आप अपने पार्टनर के साथ ट्रैकिंग, स्किंग, पैराग्लाइडिंग आदि का मजा ले सकते हैं। इसके अलावा आप यहां पहाड़ी पर बैठकर यहां की मनोरामी खूबसूरती को भी निहार सकते हैं।

कैसे पहुंचे फागू

फागू का निकटतम एयरपोर्ट चंडीगढ़ है। इसके लिए सबसे पहले दिल्ली से चंडीगढ़ जाना होगा। इसके बाद चंडीगढ़ से फ्लाइट के जरिए फागू पहुंच सकते हैं। अगर आप रेल सफर कर फागू पहुंचना चाहते हैं, तो शिमला पहुंच सकते हैं। शिमला से फागू की दूरी महज 18 किलोमीटर है। वहीं, चंडीगढ़-दिल्ली सड़क मार्ग के जरिए आप फागू पहुंच सकते हैं।