आने वाला हैं नया साल, विश्वभर में अनोखे तरीकों से होता हैं नववर्ष का आगमन

आज साल 2020 का आखिरी दिन हैं और कुछ घंटों बाद ही साल 2021 का आगमन होगा। यह दिन सेलेब्रेशन और आतिशबाजी के साथ मनाया जाता हैं। कोरोना के चलते इस साल सेलेब्रेशन को लेकर कई पाबंदियां लगाई गई हैं। लेकिन विभिन्न देशों की नए साल के आगमन को लेकर विभिन्न संस्कृति हैं जिसका पालन करते हुए नववर्ष का आगमन किया जाता हैं। आज इस कड़ी में हम आपको कुछ देशों के नए साल के स्वागत के उन्हीं अनोखे तरीकों की जानकारी देने जा रहे हैं।

डेनमार्क

डेनमार्क में नववर्ष मनाने का तरीका बेहद ही अजीब है। सोचने पर यह तरीका भले ही हिंसात्मक लग सकता है लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। नववर्ष पर लोग अपने पड़ोसियों के प्रति प्रेम को जाहिर करने के लिए उनके दरवाजों पर कांच के गिलास एवं प्लेट फेंकते हैं। कई लोग रात की ठीक 12 बजे कुर्सियों पर से कूदकर नववर्ष का स्वागत करते हैं।

रूस

रूस में नववर्ष के अवसर पर वहां के लोग एक कागज पर आने वाले साल से जुड़ी अपनी इच्छा लिख देते हैं और फिस उस कागज को आग में जला देते हैं। कागज की राख को शैम्पेन में मिलाकर वो व्यक्ति पी लेता है जिसने की उस इच्छा को लिखा होता है। इसके पीछे मान्यता है कि ऐसा करने से जो चाहता है कि यह इच्छा पूरी हो, उसे एक तरह की प्रेरणा मिलती है कि वह खुद से अपने सपने को इस नववर्ष में साकार करे।

फिलीपींस

फिलीपींस के लोगों का नववर्ष का स्वागत करने का अपना तरीका है। ये लोग किसी भी गोल चीज को वैभव का सूचक मानते हैं इसलिए इस दिन लोग यहां डोट प्रिंट वाले कपड़े पहनते हैं, जेब में सिक्के रखते हैं। कई सारे लोग इस दिन एक साथ संतरा, अनानास एवं जाम जैसे फलों का मिल- बांटकर सेवन करते हैं। ऐसा करने के पीछे मान्यता है कि पूरे साल यह लोग धन से संपन्न रहते हैं।

साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका के लोग नववर्ष पर पुराना फर्नीचर, टीवी, रेडियो आदि अपने घरों की खिड़कियों से बाहर फेंक देते हैं। रोड पर पुराने सामान का ढेर लग जाता है। दरअसल ऐसा करने के पीछे कारण यह है कि यहां के लोगों का मानना है कि नए साल का स्वागत नई चीजों के साथ करना चाहिए इसलिए वे पुराना सामान फेंककर घरों को नए सामान से सजाने में विश्वास रखते हैं।