दुनिया भर में पेट के कैंसर समेत कई प्रकार के कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शुरुआती चरणों में ये अक्सर किसी स्पष्ट लक्षण के बिना ही मौजूद रहते हैं। खासकर उन देशों में जहां पेट कैंसर की नियमित स्क्रीनिंग नहीं होती, ज्यादातर मामलों का पता तब चलता है जब बीमारी काफी बढ़ चुकी होती है या शरीर के अन्य हिस्सों में फैल चुकी होती है। अमेरिकन कैंसर सोसाइटी (American Cancer Society) के अनुसार, कुछ शुरुआती लक्षण ऐसे हैं जिन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
पेट में लगातार सूजन और भारीपनभारी या मसालेदार भोजन के बाद पेट फूलना आम बात है। लेकिन अगर थोड़ी मात्रा में खाना खाने पर भी बार-बार पेट में भारीपन या कसाव महसूस हो, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। पेट के कैंसर के शुरुआती चरण में भोजन धीरे-धीरे पचता है, जिससे ऊपरी पेट में जकड़न या भारीपन की समस्या हो सकती है। अगर यह परेशानी खाने की आदतों से संबंधित न हो और लगातार बनी रहे, तो डॉक्टर से जांच करवाना बेहद जरूरी है।
बिना वजह लगातार थकान और कमजोरीनींद की कमी या तनाव के कारण थकान होना सामान्य है, लेकिन यदि बिना किसी स्पष्ट कारण के लगातार कमजोरी बनी रहे, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। पेट में धीरे-धीरे होने वाली अंदरूनी ब्लीडिंग शुरुआत में नजर नहीं आती, लेकिन इससे शरीर में आयरन की कमी हो सकती है। थकान के साथ चक्कर आना, त्वचा का पीला पड़ना या सांस फूलना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत मेडिकल जांच करवाना आवश्यक है।
अचानक वजन घटनाअचानक वजन का कम होना पेट कैंसर का एक गंभीर संकेत हो सकता है। व्यक्ति सामान्य मात्रा में भोजन करता है, लेकिन जल्दी पेट भरने जैसा अनुभव करता है। इसका कारण यह हो सकता है कि कैंसर पेट की क्षमता को कम कर देता है या भोजन के पचने की प्रक्रिया में बाधा डालता है। साथ ही, अचानक वजन घटना और लगातार भूख न लगना चेतावनी का संकेत हो सकता है।
बार-बार मितली या उल्टीकभी-कभी मितली या उल्टी सामान्य होती है, लेकिन अगर यह बिना किसी स्पष्ट कारण के बार-बार हो रही हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। खाने के तुरंत बाद या सुबह उठते ही मितली महसूस होना पेट की दीवार में ट्यूमर की वजह से हो सकता है। लंबे समय तक लगातार मितली या उल्टी अनुभव करना गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
लाइफस्टाइल से जुड़ी पेट की परेशानियों को हल्के में न लेंआजकल तेजाबियत, अपच और पेट में जलन जैसी समस्याएं आम हैं, खासकर तला-भुना या मीठा खाने के बाद। लेकिन अगर जीवनशैली बदलने या दवाइयों के बावजूद ये लक्षण ठीक न हों, तो यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। लंबे समय तक अपच, पेट में दर्द, जलन या लगातार भारीपन पेट संबंधी बीमारियों, यहां तक कि कैंसर के शुरुआती लक्षण भी हो सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है। किसी भी सुझाव को अपनाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।