पैरों में भारीपन क्यों होता है? जानें इसके कारण और दर्द-थकान से राहत पाने के आसान उपाय

कई लोगों को अचानक पैरों में भारीपन महसूस होने लगता है। इस स्थिति में चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है और कई बार पैरों में सूजन भी आ जाती है। खासकर पिंडलियों में थकान, जकड़न और दर्द जैसी परेशानी महसूस होती है। अक्सर लोग इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन बार-बार ऐसा होना किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि पहले इसके कारणों को समझा जाए और फिर सही उपाय अपनाए जाएं, ताकि पैरों को आराम मिल सके और समस्या बढ़ने से रोकी जा सके।

# पैरों में भारीपन होने के संभावित कारण

पैरों में भारीपन कई वजहों से हो सकता है। इनमें से कुछ सामान्य कारण इस प्रकार हैं:

- शरीर में रक्त संचार सही न होने पर पैरों में भारीपन महसूस हो सकता है।

- वेरिकोज वेन्स यानी नसों का कमजोर होना दर्द और सूजन की समस्या बढ़ा सकता है।

- मांसपेशियों की कमजोरी या शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी थकान पैदा करती है।

- कमर या रीढ़ से जुड़ी परेशानी होने पर उसका असर पैरों में झनझनाहट और खिंचाव के रूप में दिखाई दे सकता है।

- डायबिटीज और अधिक वजन होने से पैरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

- लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने, खासकर पैर लटकाकर बैठने से भी भारीपन महसूस हो सकता है।

- लंबे सफर के दौरान लगातार बैठे रहने से भी ब्लड फ्लो नीचे की ओर जमा हो जाता है।

- तेजी से वजन बढ़ने से भी पैरों पर दबाव बढ़ जाता है और भारीपन महसूस हो सकता है।
# पैरों में भारीपन और दर्द होने पर क्या करें?

अगर आपको पैरों में थकान या भारीपन महसूस हो रहा है, तो कुछ आसान उपाय अपनाकर राहत पाई जा सकती है।

नियमित एक्सरसाइज करें
सबसे जरूरी है कि पैरों को सक्रिय रखा जाए। हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। इसके लिए जमीन पर बैठकर पैरों को सामने सीधा रखें और पंजों को आगे-पीछे मोड़ते हुए हल्की स्ट्रेचिंग करें। पैरों को गोल-गोल घुमाने की क्रिया भी फायदेमंद होती है।

योग का सहारा लें
पिंडलियों की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए योग भी काफी मददगार होता है। योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं और हाथों की मुट्ठी बंद करें। फिर हाथों को फैलाते हुए गहरी सांस लें और धीरे-धीरे घुटनों को मोड़ते हुए ऊकड़ू बैठने की स्थिति में आएं। कुछ सेकंड तक संतुलन बनाए रखें और फिर धीरे-धीरे वापस खड़े हो जाएं। इस अभ्यास से पैरों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और दर्द कम हो सकता है।

गर्म पानी से राहत पाएं
अगर पैरों में सूजन और दर्द महसूस हो रहा है तो गर्म पानी में पैरों को कुछ देर डुबोकर रखना भी फायदेमंद हो सकता है। इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है और थकान कम होती है। चाहें तो पानी में थोड़ा सा नमक मिलाकर भी पैरों को भिगो सकते हैं।

पैरों को ऊंचाई पर रखें
लंबे समय तक बैठने या खड़े रहने से पैरों में दर्द और भारीपन बढ़ सकता है। ऐसे में पैरों को शरीर के स्तर से थोड़ा ऊपर रखने की कोशिश करें। आप लेटकर पैरों के नीचे तकिया रख सकते हैं या दीवार के सहारे पैरों को ऊपर उठाकर कुछ देर आराम कर सकते हैं। इससे रक्त संचार बेहतर होता है और पैरों को राहत मिलती है।

# किस विटामिन की कमी से होता है पैरों में दर्द?

पैरों की सेहत के लिए सही पोषण भी बहुत जरूरी है। शरीर में आयरन, मैग्नीशियम और विटामिन B12 की कमी होने पर पैरों में दर्द, थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। इसलिए अपने भोजन में हरी सब्जियां, दालें, फल और पोषक तत्वों से भरपूर आहार शामिल करें।

इसके अलावा अपने बैठने-उठने के तरीके यानी पॉश्चर का भी ध्यान रखें और रोजाना कुछ समय व्यायाम के लिए जरूर निकालें। इससे वजन नियंत्रित रहता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। अगर पैरों में भारीपन, दर्द या सूजन लंबे समय तक बनी रहे तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, ताकि सही इलाज समय पर मिल सके।