परेशान कर रही हैं आपको कब्ज की समस्या, आजमाकर देखें ये घरेलू नुस्खें

मॉनसून के दिनों में खानपान पर सही ध्यान ना देना कई स्वास्थ्य समस्याएं खड़ी कर सकता हैं। गैस, कब्ज और एसिडिटी जैसी पाचन संबंधी दिक्कतें खान-पान में गड़बड़ी के कारण पैदा होती हैं। आज हम बात करने जा रहे हैं कब्ज की जो एक ऐसी समस्या है जिसके कारण मरीज का पेट ठीक से साफ नहीं होता और शौच के दौरान काफी दिक्कतें आती हैं। इस कारण रोगी को कई बार शौच के लिए जाना पड़ता है। आयुर्वेद की मानें तो अगर आपको सप्ताह में तीन बार से कम मल त्याग हो रहा है, तो आपको कब्ज की गंभीर समस्या हो सकती है। किचन में मौजूद कुछ खास चीजों का सेवन करने से कब्ज जैसी दिक्कत से भी बड़ी आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। तो आइये जनाते हैं कुछ देसी नुस्खों के बारे में जो कब्ज से राहत दिलाने में आपकी मदद करेंगे।

पपीता

पपीता कई बीमारियों से राहत दिलाने में सहायक होता है। अगर आपको अक्सर पेट से जुड़ी समस्या बनी रहती है, तो पपीता इसके लिए रामबाण इलाज है। रोजाना पपीता खाने से पेट संबंधी कई तरह की परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है। दरअसल, पपीते में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है। ऐसे में इसका सेवन कब्ज से निजात दिलाने में काफी मददगार साबित होगा। इसके अलावा यह पाचन तंत्र मजबूत करने में भी काफी सहायक है।

सैलियम भूसी

सैलियम भूसी, जिसे इसबगोल के रूप में भी जाना जाता है, एक डाइटरी फाइबर है, जो एक प्राकृतिक लैक्सेटिव के रूप में कार्य करते हुए वजन घटाने को बढ़ावा देता है। एक गिलास पानी में 2 से 3 चम्मच इसबगोल की भूसी या इसबगोल कब्ज के लिए सबसे अच्छा घरेलू उपाय है।

एलोवेरा जूस

एलोवेरा जूस आपकी आंत में पानी की मात्रा को बढ़ाने के साथ कब्ज की समस्या को भी दूर करता है। इसके लिए आधा कप एलोवेरा जूस का सेवन करके आप पेट की जलन को दूर कर सकते हैं।

सौंफ का पानी

1 कप उबले हुए पानी में 1 चम्मच सौंफ मिला कर रात भर के लिए रख दें। सुबह इसे छान लें और इसमें एक चम्मच शहद मिलाएं और इसे पी लें। इस मिश्रण को दिन में 3 बार पीने से पेट की गर्मी और एसिडिटी की समस्या दूर हो जाएगी। इससे पेट का फूलना और गैस की समस्या भी दूर हो जाती है।

त्रिफला

त्रिफला का उपयोग शरीर से अतिरिक्त वात, पित्त और कफ को प्रभावी ढंग से समाप्त करता है। साथ ही साथ, शरीर की संतुलन की स्थिति को बहाल करता है। आप सोने से पहले पानी के साथ 1 बड़ा चम्मच त्रिफला पाउडर मिलाकर उसका सेवन करें। इससे अगली सुबह आपको अपने कोलन को साफ करने में मदद मिलेगी।

जीरा और अजवाइन

जीरा और अजवाइन का सेवन पेट की समस्याओं में फायदेमंद माना गया है। इससे पेट साफ होने के साथ एसिडिटी, उल्टी आना, पेट दर्द, पेट में मरोड़ आदि सभी समस्याओं से जल्द राहत मिलती है। इस नुस्खे के लिए आपको दो चम्मच अजवाइन के साथ दो चम्मच जीरा भूनकर पीस लेना है। साथ ही इसमें आधा चम्मच काला नमक भी मिलाएं। इस मिक्सच की थोड़ी सी मात्रा लेकर गर्म पानी से साथ सेवन करें।

अंजीर

अंजीर हमारी सेहत के लिए कई तरह से गुणकारी है। इसे खाने से हमारे स्वास्थ्य को कई प्रकार के फायदे मिलते हैं। इन्हीं फायदों में से एक कब्ज से निजात भी है। दरअसल, गर्म पानी में अंजीर भिगोकर खाने से कब्ज की समस्या से राहत मिलती है। खासतौर पर बच्चों के इस समस्या से पीड़ित होने पर उन्हें अंजीर देना फायदेमंद है। अंजीर में मौजूद फाइबर आंतों की अच्छी तरह से सफाई करता है। आयुर्वेद की माने तो अंजीर के सेवन से पुराना से पुराना कब्ज दूर हो जाता है।

मुनक्का

कब्ज की समस्या में तुरंत राहत पाने के लिए मुनक्के सबसे ज्यादा नुस्खा है। इसके लिए आपको 8 से 10 मुनक्के पानी में भिगोकर रख देने हैं। सुबह इसके बीज निकालकर गर्म दूध के साथ सेवन करें। आयुर्वेद के अनुसार मुनक्के का सेवन पेट की समस्याओं में जल्द राहत देता है। साथ ही थकावट और कमजोरी दूर करने के लिए भी यह नुस्खा असरदार है।

अलसी

अलसी के बीज भी हमारी सेहत के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं। इसे खाने से हमें कई तरह के फायदे होते हैं। फाइबर से भरपूर अलसी के बीज खाने से पाचन तंत्र अच्छा रहता है, जिससे मल त्यागने में परेशानी नहीं होती है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से मलाशय की सफाई में काफी मदद मिलती है। हालांकि, जरूरत से ज्यादा इसका सेवन करने से दिक्कत भी हो सकती है, क्योंकि इसे ज्यादा खाने से इसे पचाना मुश्किल हो जाता है।

शहद

आयुर्वेद कहता है कि कब्ज में शहद बहुत फायदेमंद है। रात को सोने से पहले एक चम्मच शहद को एक ग्लास पानी के साथ मिलाकर पिएं। नियमित रूप इसका सेवन करने से कब्ज की समस्या हमेशा के लिए दूर हो जाती है।