असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की अचानक हुई मौत को लेकर जांच में नया मोड़ सामने आया है। गुरुवार, 25 सितंबर को असम पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गोस्वामी उस ग्रुप का हिस्सा थे, जो जुबीन के साथ सिंगापुर की यॉट ट्रिप पर गया था। इसी दौरान जुबीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
सुबह हुई पूछताछ, फिर गिरफ्तारीअधिकारियों ने जानकारी दी कि गुरुवार सुबह शेखर ज्योति को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। लंबी पूछताछ के बाद SIT ने उन्हें औपचारिक रूप से हिरासत में ले लिया। हालांकि, यह साफ नहीं है कि उन पर किस तरह के आरोप लगाए गए हैं और क्या उनके खिलाफ आधिकारिक चार्जशीट दाखिल की जाएगी। गोस्वामी और जुबीन गर्ग के रिश्तों को लेकर भी अब तक कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया गया है।
शेखर ज्योति गोस्वामी कौन हैं?मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोस्वामी लंबे समय से जुबीन गर्ग के करीबी रहे हैं। कुछ सूत्र उन्हें उनके बैंड का ड्रमर बताते हैं, तो कुछ उन्हें गायक का नज़दीकी सहयोगी मानते हैं। पुलिस ने अब तक इस गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। SIT फिलहाल इस मामले में कई पहलुओं से जांच कर रही है। इसी सिलसिले में प्रसिद्ध कारोबारी और सांस्कृतिक कार्यकर्ता श्यामकानु महंता का नाम भी जांच के दायरे में बताया जा रहा है।
मैनेजर के घर भी मारी गई थी रेडसूत्रों का कहना है कि SIT ने जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के घर पर भी छापेमारी की है। हालांकि, छापे के दौरान क्या बरामद हुआ, इस बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया। फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि शर्मा की इस मामले में सीधी भूमिका रही या नहीं। वहीं, सिंगापुर असम एसोसिएशन से जुड़े कुछ लोगों को भी SIT पूछताछ के लिए बुला सकती है।
स्कूबा डाइविंग के दौरान तबीयत बिगड़ी थी
जुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग करते समय हुई थी। डाइविंग के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गायक वहां नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कहा जा रहा है कि समुद्र में तैरते समय वह डूब गए थे। इस घटना के बाद जुबीन के मैनेजर समेत यॉट पर मौजूद अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा, असम सरकार ने इस पूरे मामले की जांच CID को सौंप दी थी।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कारगायक के निधन से पूरा असम शोक में डूब गया। जुबीन का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल मौजूद रहे। गुवाहाटी की सड़कों पर हजारों प्रशंसक अपने चहेते कलाकार को अंतिम विदाई देने पहुंचे।