2 News : जाकिर ने इसलिए लिया स्टेज शो से ब्रेक लेने का फैसला, इस स्टार ने 74वें जन्मदिन पर जताया फैंस का आभार

मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान लंबे समय से अपने फन से लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। उनकी हंसाने की स्टाइल पर सब फिदा है। इस बीच जाकिर ने शनिवार (6 सितंबर) को स्टेज शो से ब्रेक लेने का ऐलान कर दिया। बीमारी के चलते उन्होंने ब्रेक लिया। इसकी जानकारी देते हुए जाकिर ने सोशल मीडिया पर फैंस के लिए एक पोस्ट शेयर की। जाकिर ने सेहत पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में बताया। जाकिर ने लिखा, “मैं पिछले 10 सालों से दौरे कर रहा हूं। हालांकि आपका प्यार और स्नेह पाकर मैं बेहद खुशकिस्मत हूं, लेकिन इतना ज्यादा दौरा करना सेहत के लिए अच्छा नहीं है।

हर किसी को खुश करने की कोशिश, दिन में 2-3 शो, रातों की नींद हराम, सुबह-सुबह की फ्लाइट और हां, खाने का कोई टाइमटेबल नहीं। मैं एक साल से बीमार हूं, लेकिन मुझे काम करना पड़ा क्योंकि उस समय ऐसा करना जरूरी था। मुझे लाइव परफॉर्मेंस देना पसंद है, लेकिन मैंने व्यस्त दौरे के बजाय अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। मुझे स्टेज पर रहना बहुत पसंद है, लेकिन अब मुझे ब्रेक लेना होगा। मैं ऐसा नहीं करना चाहता, लेकिन मैं पिछले एक साल से इसे नजरअंदाज कर रहा था। लेकिन अब मुझे लगता है कि इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, मुझे इसे ले लेना चाहिए।

इसलिए इस बार हम सीमित शहरों में भारत का दौरा करेंगे, मैं ज्यादा शो नहीं कर पाऊंगा और इस खास रिकॉर्ड के बाद मुझे एक लंबा ब्रेक लेने की सलाह दी गई है।” जाकिर ने अपनी अगली पोस्ट में बताया कि वे अपने अपकमिंग भारत दौरे पर 'पापा यार' इवेंट के दौरान सीमित संख्या में शो आयोजित करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इंदौर में कोई शो नहीं होगा और लोगों से भोपाल आने की अपील की। बता दें 17 अगस्त को जाकिर ने न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर में कॉमेडी शो किया। मैडिसन स्क्वायर गार्डन दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित परफॉर्मेंस वेन्यूज में गिना जाता है, जहां जाकिर से पहले किसी भारतीय ने परफॉर्मेंस नहीं दी थी।
ममूटी को जन्मदिन पर मिल रही हैं शुभकामनाएं, कर चुके हैं 425 से ज्यादा फिल्मों में काम

मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी आज रविवार (7 सितंबर) को अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर फैंस और इंडस्ट्री के साथी उन्हें जमकर बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। ममूटी ने अपने चाहने वालों के प्यार के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए एक फोटो शेयर की। ममूटी एक ब्लैक लैंड क्रूजर कार के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने व्हाइट कलर की एक प्रिंटेड शर्ट और मुंडू पहना है। वे एकांत में प्रकृति का आनंद ले रहे हैं।

उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर लिखा, “सभी और सर्वशक्तिमान को प्यार और धन्यवाद।” मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार निविन पॉली, रमेश पिशारोडी, अरुण कुरियन और कई अन्य लोगों ने इस पोस्ट पर कमेंट किया है। पिछले महीने यह ऐलान किया किया गया था कि ममूटी फिल्मों से एक छोटे से ब्रेक के बाद वापसी करेंगे और सितंबर में महेश नारायणन के प्रोजेक्ट के सेट पर शामिल होंगे। ममूटी की आगामी फिल्म की बात करें तो वे ‘कलमकावल’ में खलनायक की भूमिका में दिखेंगे।

इस फिल्म में उनके बेटे दुलकर सलमान भी हैं। यह एक मनोवैज्ञानिक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है। ममूटी लगभग 5 दशक से मलयालम सिनेमा की धड़कन रहे हैं। वे अपनी प्रभावशाली एक्टिंग, स्क्रीन प्रजेंस और बेजोड़ बहुमुखी प्रतिभा के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 20 साल की उम्र में अपने करिअर की शुरुआत कर दी थी। ममूटी 425 से ज्यादा फिल्में कर चुके हैं। उन्हें 3 नेशनल अवार्ड भी मिले हैं।