यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर रिलीज से पहले काफी चर्चा थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, मगर इसके बाद कमाई में गिरावट देखने को मिली। अब फिल्म की असफलता को लेकर यश की प्रतिक्रिया सामने आई है। यह जानकारी फिल्म के डबिंग सुपरवाइजर जयदेव मोहन ने साझा की है।
जयदेव मोहन ने ‘प्रजावाणी’ के YouTube चैनल पर बातचीत के दौरान ‘टॉक्सिक’ की असफलता और यश की प्रतिक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद उनकी यश से आमने-सामने मुलाकात नहीं हुई, लेकिन फोन पर दो बार बातचीत हुई थी।
यश ने टीम को ज्यादा चिंता न करने को कहाजयदेव के मुताबिक, रिलीज के दिन फिल्म को मिले रिव्यू और प्रतिक्रियाओं को देखकर वह खुद भावुक हो गए थे। इसी दौरान यश का फोन आया था। जयदेव ने बताया कि यश ने उनसे ज्यादा चिंता न करने के लिए कहा और मामले को दर्शकों पर छोड़ने की बात कही।
उनके अनुसार, यश ने कहा था, “इसे दर्शकों पर छोड़ देते हैं। यह उनकी मर्जी है। आगे भी काम करना है।” जयदेव ने यह भी कहा कि वह यश के दुख को महसूस कर सकते हैं।
पायरेसी को लेकर भी जयदेव ने किया दावाबातचीत के दौरान जयदेव मोहन ने फिल्म की पायरेसी का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि ‘टॉक्सिक’ रिलीज होने के बाद से तीन लाख से ज्यादा पायरेसी लिंक हटाए जा चुके हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म के अपेक्षित प्रदर्शन न करने से टीम दुखी है, तो उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि रिलीज के दिन मिले रिव्यू और रिएक्शन ने उन्हें भावुक कर दिया था।
यश के स्टारडम पर भी पूछा गया सवालइंटरव्यू में जयदेव से यह सवाल भी किया गया कि क्या दूसरे अभिनेता यश के स्टारडम को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि यश के पास अपना “डिफेंस मैकेनिज्म” तैयार है और उन्हें हराना इतना आसान नहीं है।
‘टॉक्सिक’ से जुड़े अहम आंकड़े‘टॉक्सिक’ का निर्देशन और लेखन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स में यश ने भी योगदान दिया है। फिल्म का निर्माण यश ने केवीएन प्रोडक्शंस के वेंकट के. नारायण के साथ मिलकर मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के जरिए किया है।
फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में हैं।
सैकनिल्क के मुताबिक, 26 अगस्त को रिलीज हुई ‘टॉक्सिक’ ने भारत में 14 दिनों में 247.25 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में 338.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म को 500 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया बताया गया है।
‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में शूट किया गया था और शुरुआत में इसे दक्षिण भारतीय भाषाओं के साथ हिंदी में भी रिलीज किया गया। इसका अंग्रेजी वर्जन 4 सितंबर को चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था।