देखें – अक्षय के बर्थडे पर फैंस के लिए ‘वेलकम 3’ का प्रोमो जारी, इंडियन आइडल-14 की पहली झलक भी आई सामने

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अक्षय कुमार आज शनिवार (9 ‌सितंबर) को अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके लिए साथी कलाकारों और फैंस द्वारा शुभकामनाओं का दौर जारी है। अक्षय 30 साल से भी ज्यादा समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। साथ ही वे छोटे पर्दे पर कपिल शर्मा के शो में भी कई दफा अपनी फिल्मों का प्रमोशन करने आ चुके हैं। इसके उनकी लोकप्रियता और ज्यादा बढ़ गई क्योंकि उन्हें चाहने वालों को अक्षय के दूसरे पहलुओं की भी ढेरों जानकारियां मिलती रहती हैं।

अक्षय की शादी एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना से हुई है और उनके दो बेटे हैं। शादी से पहले अक्षय रवीना टंडन, शिल्पा शेट्टी सहित और भी कई एक्ट्रेस के साथ अफेयर को लेकर चर्चाओं में रहे। 56 साल के अक्षय आज भी फिटनेस के मामले में बड़ों-बड़ों को मात देते हैं। उनमें गजब की फूर्ति है। बहरहाल अक्षय आज अपने जन्मदिन पर परिवार सहित उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर पहुंचे। उनके साथ बेटा आरव, भांजी सिमर और बहन अलका हीरानंदानी भी मौजूद रहीं।

अक्षय ने इस खास मौके पर अपने चाहने वालों को एक बड़ा तोहफा दिया है। उनकी फिल्म 'वेलकम 3' का ऐलान हो गया और इसका प्रोमो भी जारी कर दिया गया है, जो काफी मजेदार है। इसी के साथ 'वेलकम 3' की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। मेकर्स ने ‘Welcome to the Jungle’ के लिए 20 दिसंबर 2024 की डेट फाइनल की है।

प्रोमो में फिल्म की भारी-भरकम स्टार कास्ट के साथ रिलीज डेट का भी ऐलान किया गया। अक्षय ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'खुद को और आप सभी को एक बर्थडे गिफ्ट दिया है आज। अगर आपको ये तड़का अच्छा लगा तो शुक्रिया कहिए और मैं आपको 'वेलकम' कहूंगा।'

इंडियन आइडल-14 में इस बार दो नए जज आएंगे नजर

सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाला सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर है। इस शो ने पहले सीजन से जो लोकप्रियता हासिल की थी, वही आज भी बरकरार है। इसमें देशभर से प्रतिभावान युवा गायकों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलता है। हालांकि 4-5 महीने चलने वाले इस शो का विजेता तो एक ही बनता है, लेकिन शौहरत सबको मिल जाती है।

इस कार्यक्रम को कुछ इसी प्रकार से डिजाइन किया गया है। इसमें हर हफ्ते सेलेब्रिटी गेस्ट आते हैं, जिनके सामने परफोर्म कर सिंगर खुद को खुशनसीब समझते हैं। कह सकते हैं कि यह एक शानदार प्लेटफॉर्म है, जो कइयों का करिअर बना देता है। खैर अब हम बात करते हैं इसके 14वें सीजन की, जो जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके लिए काफी समय से बज बना हुआ था। अब शो को लेकर अपडेट सामने आया है।

सोनी टीवी ने सोशल मीडिया पर रियलिटी शो का पहला प्रोमो शेयर किया है। प्रोमो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, सबको इंतजार है इंडिया के सबसे बड़े म्यूजिक त्योहार का। इंडियन आइडल 14-एक आवाज, लाखों एहसास। आ रहा है जल्द। काफी समय से 'इंडियन आइडल' को विशाल ददलानी के साथ हिमेश रेशमिया और नेहा कक्कड़ जज कर रहे थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। नेहा और हिमेश की जगह दो दिग्गज गायक श्रेया घोषाल और कुमार सानू ने ली है। विशाल तीसरे जज के रूप में कायम हैं।