पहली बार दिखा कोहली-अनुष्का की बेटी वामिका का चेहरा, कपिल-रोमी के साथ नजर आए रणबीर-दीपिका

भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए मुंबई से रवाना हुई। एयरपोर्ट पर जब टेस्ट कप्तान विराट विराट कोहली टीम की बस से उतरे तो उन्होंने पैपराजी से रिक्वेस्ट कि वे उनकी बेटी वामिका का फोटो न लें, लेकिन इसस पहले ही उसका चेहरा कैप्चर कर लिया, जिसे उसकी मां एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने छिपाने की काफी कोशिश की थी। अब यह फोटो और वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि विराट और अनुष्का ने इससे पहले आज तक मीडिया के सामने वामिका का चेहरा नहीं दिखाया था। वामिका 11 जनवरी को एक साल की हो जाएगी।

वामिका के जन्म की जानकारी कोहली ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को दी थी। अनुष्का ने वामिका के 6 माह की होने पर फैमिली पिकनिक की फोटो शेयर की थी। इसके अलावा यह स्टार कपल कई मौकों पर वामिका की झलक दिखा चुका है, लेकिन उसने फेस को हमेशा छिपाकर रखा था। वे इस मामले में काफी प्राईवेसी चाहते थे। हालांकि आज मीडिया ने इसमें सेंध लगा दी। वैसे भी मीडिया स्टार्स की लाइफ की एक-एक बात जानने के लिए हमेशा उनके पीछे ही पड़ा रहता है।


जेद्दा में रेड सी फिल्म फेस्टिवल में दीपिका-रणवीर ने की शिरकत

एक्टर रणवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 83 के प्रमोशन में बिजी हैं। कपल को बुधवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था तो रात को वे जेद्दा में रेड सी फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट पर नजर आए। वहां उन्होंने फिल्म का प्रमोशन भी किया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव, उनकी पत्नी रोमी भाटिया और दिग्गज ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ भी थे। रणवीर ने प्लेड येलो और ब्लैक सूट के साथ सिल्क का स्कार्फ पहना था। रणवीर हैट और डार्क सनग्लास कैरी किए हुए थे।

दीपिका फ्रिल डिटेल्स वाले पिंक गाउन में दिखीं। रेड सी फिल्म के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से फोटो शेयर की गई हैं। बता दें कि '83' फिल्म की कहानी 1983 के वनडे विश्व कप पर आधारित है। तब भारत पहली बार विश्व चैंपियन बना था और टीम के कप्तान महान ऑलराउंडर कपिल देव थे। भारत ने इंग्लैंड की धरती पर विजयी पताका फहराई थी। इसके बाद से देश में क्रिकेट को लेकर जबरदस्त लोकप्रियता बढ़ी। फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।