2 News : विंबलडन में जोकोविच का मैच देखने पहुंचे विराट-अनुष्का, मीरा ने 10वीं मैरिज एनिवर्सरी पर शाहिद पर लुटाया प्यार

भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने कुछ समय पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। फिलहाल वे पत्नी अनुष्का शर्मा और अपने दोनों बच्चों वामिका व अकाय के साथ लंदन में क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। इस दौरान विराट व अनुष्का को साल के तीसरे ग्रैंडस्लैम टेनिस टूर्नामेंट विंबलडन का मजा लेते देखा गया। वे सर्बिया के स्टार खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और एलेक्स डी मिनाउर के बीच मुकाबले को देखने पहुंचे। वहां और भी कई हस्तियां मौजूद थीं। जोकोविच जीत के साथ क्वार्टर फाइनल (अंतिम 8) में पहुंच गए।

इस दौरान विराट-अनुष्का के स्टाइलिश अंदाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। वे सेंटर कोर्ट स्टैंड में मैच का लुत्फ उठाते नजर आए। इस दौरान विराट को क्लासी टेलर्ड टैन ब्राउन ब्लेजर में देखा गया, जिसे उन्होंने व्हाइट शर्ट और पैटर्न वाली ग्रे टाई के साथ स्टाइल किया। लुक को पूरा करने के लिए मैचिंग ट्राउजर पहना हुआ था। वहीं एक्ट्रेस अनुष्का के खूबसूरत लुक की बात करें तो वह व्हाइट कलर के स्ट्रक्चर्ड ब्लेजर और मैचिंग टॉप में दिखीं। विराट ने इस मैच की झलक अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की है।

विराट ने जोकोविच को जीत की बधाई देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की, “क्या मैच था। यह ग्लेडिएटर @djokernole के लिए हमेशा की तरह ही था।” विराट से ऐसा सुनकर जोकोविच भी गदगद नजर आए। जोकोविच ने विराट से कहा कि सपोर्ट करने के लिए शुक्रिया। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच ने पहला सेट 1-6 से हारने के बाद अगले तीन सेट 6-4, 6-4, 6-4 से जीतकर धमाकेदार कमबैक किया। अब उनका सामना फ्लावियो कोबोली से होगा।

बता दें कि 10 साल पहले 2015 में भी विराट और अनुष्का विंबलडन का मैच देखने साथ में पहुंचे थे। उनकी शादी साल 2017 में इटली में हुई थी। उल्लेखनीय है कि इस समय भारतीय टीम भी इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेल रही है। अभी तीन टेस्ट बाकी हैं और हो सकता है कि विराट-अनुष्का इनमें टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम में पहुंचे।
मीरा राजपूत ने पति शाहिद कपूर और बच्चों की फोटो शेयर करने के साथ लिखा…

एक्टर शाहिद कपूर और मीरा राजपूत की शादी को सोमवार (7 जुलाई) को 10 साल हो गए। दोनों ने मैरिज एनिवर्सरी का जश्न मनाते हुए कुछ पुरानी यादें तस्वीरों के माध्यम से ताजा की हैं। मीरा ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने अपने फैंस के लिए इंस्टाग्राम पर पति शाहिद के साथ कुछ रोमांटिक फोटो साझा कीं। इसके साथ लिखा है, “दस साल बाद भी तुम वैसे ही हो और हमेशा रहोगे। तुम और मैं और अब हम।” शाहिद और मीरा दो बच्चों के माता-पिता हैं। कपल के एक बेटी मीशा और एक बेटा जैन हैं।

एक तस्वीर में शाहिद-मीरा की शादी नजर आती है तो दूसरी तस्वीर में शाहिद की बेटी, तीसरी तस्वीर में शाहिद अपने बेटे का हाथ थामे दिखाई दे रहे हैं और चौथी तस्वीर में कपूर परिवार झूले पर आराम फरमाता नजर आ रहा है। फैंस और सेलेब्स ने कपल को जमकर बधाइयां और शुभकामनाएं दीं। दीया मिर्जा ने रिएक्ट करते हुए हार्ट इमोजी पोस्ट कीं। कियारा आडवाणी ने भी रिएक्शन दी। मीरा के देवर एक्टर ईशान खट्टर ने लिखा, “हैप्पी 10 फैम।” बता दें कपल अक्सर बच्चों के साथ फोटो और वीडियो शेयर करता रहता है। साथ ही शाहिद और मीरा एक-दूसरे की टांग खिंचाई का मौका भी नहीं छोड़ते।

शाहिद ने फिल्मफेयर को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वे पहली बार मीरा से मिले थे तो उन्होंने 7 घंटे बात की थी। वे दिल्ली में एक दोस्त के फार्महाउस पर थे और सन सेट के समय बाहर टहल रहे थे। बकौल शाहिद, उस वक्त मुझे लगा कि शायद यही लड़की है, जिससे मैं शादी कर सकता हूं। लेकिन मैंने फिर अपने आपसे कहा-क्या सोच रहे हो? बीस साल की है बेशरम। शाहिद, मीरा से 13 साल बड़े हैं।