विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' ने रिलीज के साथ मचाई धूम, थिएटरों में त्योहार जैसा माहौल

तमिल सुपरस्टार विजय की बहुप्रतीक्षित और उनके फिल्मी करियर की आखिरी मानी जा रही फिल्म 'जन नायकन' आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म के पहले ही दिन तमिलनाडु में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राज्यभर के थिएटरों के बाहर फैंस की भारी भीड़ उमड़ी, जबकि विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी रिलीज को किसी बड़े उत्सव की तरह मनाया। सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो में सिनेमाघरों के भीतर और बाहर दर्शकों का जोश साफ दिखाई दे रहा है। फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण जैसे कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

रिलीज के दिन थिएटरों में दिखा जश्न का नजारा

चेन्नई के वुडलैंड्स, कैसीनो सहित कई प्रमुख सिनेमाघरों में 'जन नायकन' की रिलीज को यादगार बनाने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। देर रात से ही प्रशंसक थिएटरों के बाहर जमा होने लगे थे। विजय के स्वागत में आसमान को लेजर लाइट्स से रोशन किया गया और फैंस ढोल-नगाड़ों व जोशीले गानों पर जमकर नाचते नजर आए।

बुधवार रात चेन्नई के एक थिएटर के बाहर ड्रोन शो का भी आयोजन किया गया, जहां सुबह के पहले शो का इंतजार कर रहे प्रशंसकों ने जमकर उत्सव मनाया। शहर के कई प्रमुख चौराहों और सिनेमाघरों के बाहर विजय के विशाल कटआउट लगाए गए, जिनके साथ फैंस तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दिए। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, विजय ने भी बुधवार शाम कुछ अधिकारियों के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया।

फिल्म के लिए रखे गए विशेष शो, नेताओं में भी दिखा उत्साह

तमिलनाडु के परिवहन मंत्री विजय तमिलन पार्थिबन ने 'जन नायकन' की रिलीज को दिवाली और पोंगल जैसे बड़े त्योहारों के समान बताया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि फिल्म में उनका भी एक छोटा-सा किरदार है, इसलिए यह रिलीज उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बेहद खास है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि चेन्नई में करीब 100 लोगों को यादगार उपहार के रूप में हेलमेट वितरित किए जाएंगे। वहीं TVK के विधायक के.वी. विजयधामू ने कहा कि फिल्म देखने के दौरान वह अपनी राजनीतिक पहचान भूलकर सिर्फ एक प्रशंसक की तरह सिनेमाघर में बैठकर इस पल का आनंद लेना चाहते हैं।
25वें दिन के सेलिब्रेशन शो के टिकट मिनटों में हुए खत्म

फिल्म को लेकर दर्शकों की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज के साथ ही इसके आगामी सेलिब्रेशन शो को लेकर भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, इतिहास में पहली बार 16 अगस्त को आयोजित होने वाले 'जन नायकन' के 25वें दिन के सेलिब्रेशन शो के सभी टिकट केवल पांच मिनट में बिक गए।

निर्देशक एच. विनोथ के निर्देशन में बनी यह फिल्म विजय के राजनीतिक जीवन में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले उनकी अंतिम फिल्म मानी जा रही है। पहले इसे जनवरी में रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से समय पर प्रमाणन नहीं मिलने के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई थी। अब सिनेमाघरों में पहुंचते ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त स्वागत मिला है और शुरुआती प्रतिक्रिया से साफ है कि 'जन नायकन' ने रिलीज के पहले दिन ही मजबूत शुरुआत दर्ज कर ली है।