एक्टर विक्की कौशल ‘उड़ी : द सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद एक बार फिर से लोगों में देशभक्ति की भावना जगाने को तैयार हैं। उनकी फिल्म ‘सैम बहादुर’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस बीच आज बुधवार (22 नवंबर) को फिल्म का दूसरा गाना ‘रब का बंदा’ रिलीज कर दिया गया। इसमें विक्की का दमदार अवतार देखने को मिल रहा है। गाने को मशहूर गायक शंकर महादेवन ने दिल छू लेने वाली आवाज में गाया है। बोल गुलजार ने लिखे हैं। म्यूजिक शंकर एहसान लॉय का है।
इससे पहले ‘बढ़ते चलो’ गाना रिलीज हुआ था, जिसे सुनने के बाद फैंस के दिलों में देशभक्ति का ज्वार उमड़ने लगा था। फिल्म में विक्की भारत के सबसे महान युद्ध नायकों में से एक सैम मानेकशॉ की जिंदगी को पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर 7 नवंबर को रिलीज हुआ था, जिसमें विक्की की एक्टिंग खूब सराही गई।
फिल्म में एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा मानेकशॉ की पत्नी सिल्लू मानेकशॉ का रोल निभाएंगी। फातिमा सना शेख भी फिल्म का हिस्सा हैं। इसका डायरेक्शन मेघना गुलजार ने किया है। ‘सैम बहादुर’ 1 दिसंबर को रिलीज होगी। उसी दिन रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ भी थिएटर्स में पहुंचेगी। यानी दोनों की तगड़ी भिड़ंत तय है।
भूमि को हुआ डेंगू, हेल्थ अपडेट को लेकर लिखा नोटएक्ट्रेस भूमि पेडनेकर अक्सर किसी न किसी वजह से न्यूज में रहती हैं। वजह चाहे पर्सनल हो या फिर प्रोफेशनल लाइफ। फिलहाल भूमि के फैंस के लिए अच्छी खबर नहीं है। भूमि ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है जिसमें उनकी हालत देख फैंस चिंतित हैं। भूमि हॉस्पिटल बेड पर लेटी हुई नजर आ रही हैं। भूमि हॉस्पिटल के कपड़ों में हैं और उनके हाथ में ड्रिप लगी हुई है। भूमि ने हेल्थ अपडेट को लेकर एक नोट लिखा है।
भूमि ने कैप्शन में लिखा, “एक डेंगू के मच्छर ने मुझे 8 दिन का जबरदस्त टॉर्चर दे दिया। लेकिन आज जब मैं उठी तो मुझे ‘वाह’ जैसा अहसास हुआ, इसलिए मुझे एक सेल्फी लेनी पड़ी। दोस्तों केयरफुल रहें। बीते कुछ दिन मेरी फैमिली के लिए मुश्किलों भरे रहे हैं। Mosquito repellent का यूज जरूर करें।
अपनी इम्यूनिटी को बूस्ट करें..हाई पॉल्यूशन ने आपकी इम्यूनिटी को काफी नुकसान पहुंचाया है। मेरी जान पहचान में कई लोगों को डेंगू हुआ है। इस वायरस ने हालत खराब कर दी.. मेरी देखभाल करने के लिए डॉक्टर्स को थैंक्यू।” भूमि पिछली बार फिल्म ‘थैंक्यू फॉर कमिंग’ में नजर आई थीं। भूमि ने इसमें कई बोल्ड सीन दिए थे।