रोमांस में भीगे विक्की-कैटरीना, 'बारिश और तुम' कैप्शन के साथ शेयर की प्यारी तस्वीर

बॉलीवुड के चर्चित कपल विक्की कौशल और कैटरीना कैफ अक्सर अपनी शानदार बॉन्डिंग को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। दोनों भले ही अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते हों, लेकिन समय-समय पर एक-दूसरे के लिए प्यार जाहिर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। इस बार भी विक्की कौशल ने अपनी पत्नी कैटरीना के साथ एक बेहद प्यारी तस्वीर साझा की है, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया है।

रोमांटिक तस्वीर के साथ लिखा दिल छू लेने वाला कैप्शन

विक्की कौशल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कैटरीना कैफ के साथ एक खूबसूरत फोटो पोस्ट की। तस्वीर में दोनों एक साथ बेहद सुकून भरे अंदाज में बैठे नजर आ रहे हैं। कैटरीना ने अपना सिर और हाथ विक्की के कंधे पर टिकाया हुआ है, जबकि दोनों बारिश के मौसम का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।

इस खास तस्वीर के साथ विक्की ने बेहद छोटा लेकिन दिल को छू लेने वाला कैप्शन लिखा— बारिश और तुम। यही कुछ शब्द फैंस के बीच तेजी से वायरल हो गए और लोगों ने इस पोस्ट पर जमकर प्यार बरसाया।

फैंस ने लुटाया भरपूर प्यार

तस्वीर में विक्की सफेद रंग की टी-शर्ट में नजर आ रहे हैं, जबकि कैटरीना ब्लैक आउटफिट में बेहद खूबसूरत दिखाई दे रही हैं। दोनों की सादगी और केमिस्ट्री ने एक बार फिर प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

पोस्ट सामने आते ही कमेंट सेक्शन प्यार भरे संदेशों से भर गया। एक यूजर ने लिखा, सच्चा प्यार बिल्कुल ऐसा ही दिखता है। वहीं कई फैंस ने रेड हार्ट, लव और फायर इमोजी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने दोनों को बॉलीवुड का सबसे पसंदीदा और प्रेरणादायक कपल भी बताया।
ऐसे शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी

विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक सार्वजनिक नहीं होने दिया था। दोनों ने शुरुआती दौर में अपने रिलेशनशिप को पूरी तरह निजी रखा और मीडिया की नजरों से बचते हुए मुलाकातें करते रहे। लंबे समय तक डेटिंग की खबरों पर दोनों ने कभी खुलकर प्रतिक्रिया नहीं दी।

इसके बाद 9 दिसंबर 2021 को दोनों ने राजस्थान के सवाई माधोपुर में शाही अंदाज में शादी रचाई। इस समारोह में सिर्फ परिवार के सदस्य और बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। उनकी शादी उस समय बॉलीवुड की सबसे चर्चित शादियों में से एक रही थी।

बेटे विहान के साथ एंजॉय कर रहे हैं पैरेंटहुड

शादी के बाद अब विक्की और कैटरीना अपने बेटे विहान के साथ जिंदगी के नए दौर का आनंद ले रहे हैं। 7 नवंबर 2025 को दोनों ने अपने बेटे का स्वागत किया था। हालांकि कपल ने अब तक विहान का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन समय-समय पर उसकी छोटी-छोटी झलकियां सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।

हाल ही में विक्की कौशल के पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर शाम कौशल ने भी अपने पोते को लेकर दिलचस्प बात कही थी। उन्होंने बताया कि विहान की शक्ल काफी हद तक अपने पिता विक्की से मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि विक्की काम में व्यस्त रहने के बावजूद बेटे के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताने की कोशिश करते हैं और शूटिंग के दौरान भी वीडियो कॉल के जरिए लगातार उससे जुड़े रहते हैं।

वर्क फ्रंट पर दोनों के पास हैं बड़े प्रोजेक्ट्स

पेशेवर मोर्चे पर विक्की कौशल हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'छावा' में नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों का शानदार समर्थन मिला और इसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कारोबार किया। अब फैंस उन्हें उनकी अगली फिल्म 'लव एंड वॉर' में देखने के लिए उत्साहित हैं।

वहीं कैटरीना कैफ फिलहाल अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नए प्रोजेक्ट्स के जरिए वापसी कर सकती हैं। ऐसे में फैंस उनकी अगली घोषणा का बेस्री से इंतजार कर रहे हैं।