बहन ने किया विक्की-कैटरीना की शादी से इंकार! अनुष्का पर फिदा कोहली, पिंक ड्रेस में दिखीं आलिया भट्ट

विक्की कौशल और कैटरीना कैफ की शादी बहुत करीब है, लेकिन अभी तक इस पर सस्पेंस बना हुआ है। दोनों ही पक्षों की ओर से शादी की अधिकृत तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। अब विक्की की मौसेरी बहन का कहना है कि उनकी शादी नहीं हो रही है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत के दौरान विक्की की मौसेरी बहन डॉ. उपासना वोहरा ने इन दोनों स्टार्स की शादी की बात से साफ मना कर दिया। उन्होंने इसे मीडिया में चल रही अफवाह बताया। उपासना ने कहा कि तैयारियों से लेकर शादी की तारीखें तक फैलाई जा रही मीडिया में खबरें सिर्फ अफवाह हैं। शादी तो नहीं हो रही है। ये तो सारे रूमर्स ही हैं आपके मीडिया में। ऐसी चीजें होंगी तो अनाउंस करेंगे ही।

बॉलीवुड में अक्सर रूमर्स आते हैं और बाद में पता चलता है कि बात कुछ और थी। वो बस टेम्परेरी रूमर्स होते हैं। हाल ही में मेरी भइया से बातचीत हुई थी। ऐसा कुछ नहीं है। बाकी मैं इस मसले पर और कुछ कमेंट नहीं करना चाहती, पर फिलहाल शादी तो नहीं हो रही है। दूसरी ओर, जानकारों का कहना है ये सीक्रेसी के लिए किया जा रहा है। परिवारवालों से कहा गया होगा कि वे कोई भी बात पब्लिक में न आने दें।


अनुष्का ने शेयर की खूबसूरत फोटो, मिली इनसे तारीफ

एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा आए दिन अपनी खूबसूरत तस्वीरों से फैंस को खुश करती रहती हैं। पति विराट कोहली के साथ दुबई में समय बिताने के बाद अब अनुष्का मुंबई आ गई हैं। अनुष्का ने शुक्रवार सुबह शानदार सन-किस्ड तस्वीरें शेयर कीं। इसमें अनुष्का सर्दी का मजा लेती बेहद प्यारी लग रही हैं। अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें पोस्ट की हैं। इनमें अनुष्का कैमरे की ओर देख मुस्कुरा रही हैं। अनुष्का ने काली ड्रेस पहनी है और सूरज की रोशनी में वे शाइन कर रही हैं। अनुष्का ने कैप्शन में लिखा, सूरज चमक रहा था, मौसम सुहाना था, मुझे पोज देना था, इनमें से कुछ पोस्ट करने के लिए... बाकी इस गाने के बोल भूल गई।

अनुष्का की इन क्यूट तस्वीरों पर कोहली भी फिदा हो गए। कोहली ने सबसे पहले कमेंट करते हुए 3 दिल वाली इमोजी शेयर की। डायरेक्टर अन्विता, दीया मिर्जा, सोनाली बेंद्रे सहित कई सेलेब्स व फैंस ने कमेंट कर अनुष्का की तारीफ की है। उल्लेखनीय है कि अनुष्का ने इन दिनों फिल्मों से दूरी बना रखी है। हालांकि वे अपने प्रोडक्शन बैनर तले कई बढ़िया प्रोजेक्ट्स में काम कर रही हैं।


अनुष्का रंजन की शादी में शामिल हुई थीं आलिया भट्ट

एक्ट्रेस आलिया भट्ट पिछले दिनों बीजी शेड्यूल से समय निकालकर करीबी दोस्त एक्ट्रेस अनुष्का रंजन की शादी के जश्न में शामिल हुईं। अभिनेता आदित्य सील और अनुष्का दोनों एक-दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंध चुके हैं। शादी में बॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियां पहुंची थीं, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुईं। अब एक नई तस्वीर सामने आई है। इस अनुष्का की मां अनु रंजन ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसमें पूल के किनारे लड़कियों का ग्रुप चिल करते दिख रहा है। फोटो का मुख्य आकर्षण आलिया है।

आलिया पिंक ड्रेस में बहन शाहीन भट्ट और आकांक्षा रंजन के साथ नजर आ रही हैं। आलिया की मां सोनी राजदान और अनु रंजन करीबी दोस्त हैं। दोनों तस्वीर में मुस्कुरा रही हैं। लगता है कि ये तस्वीर मेहंदी समारोह की है। अनु रंजन ने कैप्शन में लिखा, हमेशा दिल से दिल तक। उल्लेखनीय है कि आलिया शादी के दौरान दिल्ली में रणवीर सिंह और डायरेक्टर करण जौहर के साथ 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की शूटिंग में व्यस्त थीं।