गुजरे जमाने के सुपरस्टार धर्मेंद्र (89) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। आज शुक्रवार (31 अक्टूबर) को धर्मेंद्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र की स्वाभाविक रूप से उम्र से जुड़ी कुछ स्वास्थ्य जांचें जरूरी हैं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में कुछ मेडिकल टेस्ट के लिए एडमिट किया गया है। जैसे ही यह खबर सामने आई तो धर्मेंद्र के फैंस चिंतित हो गए। वे सोशल मीडिया पर लगातार उनकी जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
इस बीच धर्मेंद्र की टीम का कहना है कि एक्टर को रेगुलर चेकअप के लिए एडमिट किया गया है। उम्र के चलते उन्हें अपना चेकअप समय-समय पर करवाना पड़ता है, इसलिए वे अस्पताल में हैं। किसी ने उन्हें स्पॉट किया होगा और न्यूज बना दी गई। वे बिल्कुल ठीक हैं और स्वस्थ भी हैं। कुछ भी घबराने वाली बात नहीं है। कुछ हफ्तों पहले भी धर्मेंद्र को अस्पताल में देखा गया था। बताया गया कि तब भी वे रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे। धर्मेंद्र पूरी तरह स्वस्थ हैं और मुस्कुरा रहे हैं। ये पहली बार नहीं है कि धर्मेंद्र रुटीन चेकअप के लिए अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इससे पहले भी वे कई बार भर्ती हो चुके हैं। साल 2023 में जब उनके बेटे सनी देओल उन्हें अमेरिका लेकर गए थे तब भी फैंस परेशान हो गए थे।
हालांकि बाद में पता चला था कि बढ़ती उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से वो इलाज के लिए कुछ दिन के लिए अमेरिका गए हैं। जहां पर कुछ दिन रहे थे। इसके बाद उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने कहा था कि वो रुटीन चेकअप के लिए गए थे। साल 2022 में भी धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन बाद जब उन्हें छुट्टी मिली थी तो उन्होंने बताया था कि उनकी पीठ की मांसपेशियों में बड़ा खिंचाव आ गया था। साल 2019 में धर्मेंद्र को डेंगू हो गया था, जिसके कारण वो 3 दिन अस्पताल में भर्ती रहे थे। पिछले साल अपनी नातिन की शादी में डांस करते हुए उनके पांव और पीठ में काफी चोट लग गई थी।
अभी भी फिल्मों में एक्टिव हैं धर्मेंद्र, अब ‘इक्कीस’ फिल्म में आएंगे नजरबता दें अप्रैल में धर्मेंद्र की आंख की ग्राफ्ट सर्जरी हुई थी। तब उनका एक वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें धर्मेंद्र अस्पताल से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे थे। उन्होंने पैपराजी को जवाब देते हुए कहा था, “अभी भी धर्मेंद्र में बहुत दम है। अभी भी जान रखता हूं। मेरी आंख की सर्जरी हो गई है। मैं स्ट्रॉन्ग हूं।” धर्मेंद्र अपने एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्वीमिंग पूल में तैरने, स्ट्रेचिंग करते और एक्सरसाइज करते हुए अपने वीडियो शेयर करते रहते हैं। धर्मेंद्र की पिछली फिल्म पिछले साल फरवरी में रिलीज हुई ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ थी।
अब वे जल्द ही अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन श्रीराम राघवन कर रहे हैं और इसमें धर्मेंद्र, अगस्त्य के दादा का किरदार निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध के नायक अरुण खेत्रपाल की कहानी पर आधारित है। बता दें धर्मेंद्र ने 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड के शीर्ष अभिनेताओं में अपनी जगह बनाई थी और आज भी इस उम्र में वे फिल्मों में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करिअर में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं और अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। फिल्मों के अलावा वे सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं और अपने प्रशंसकों के साथ जुड़े रहते हैं।