2 News : फादर्स डे पर वरुण ने पहली बार दिखाई बेटी की झलक, विराट को बेटी और बेटे से मिला यह प्यारा गिफ्ट

आज रविवार (16 जून) को पूरी दुनिया में इंटरनेशनल फादर्स डे का जश्न मनाया जा रहा है। ऐसे में बॉलीवुड के कलाकार भी भला कैसे पीछे रहते। एक्टर वरुण धवन ने इसकी झलक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। वरुण हाल ही 3 जून को पिता बने हैं और उनकी पत्नी नताशा दलाल ने पहली बेटी को जन्म दिया है। वरुण ने बेटी की पहली झलक ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है।

हालांकि उन्होंने अपनी लाडली का चेहरा नहीं दिखाया। वरुण फैंस के लिए बेटी संग खास फोटो के साथ दिल को छूने वाला मैसेज लिखा है। पहली तस्वीर में वरुण की बेटी उनका हाथ पकड़ी हुई नजर आ रही हैं और दूसरी में वरुण ने अपने डॉगी ‘जॉय’ का पंजा पकड़ा हुआ है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए वरुण ने कैप्शन में लिखा, “सभी को फादर्स डे की शुभकामनाएं। मेरे पिता ने मुझे सिखाया था कि इस दिन को मनाने का सबसे अच्छा तरीका बाहर जाकर अपने परिवार के लिए काम करना है, इसलिए मैं वहीं करूंगा। एक लड़की का पिता बनने से ज्यादा खुशी की बात नहीं हो सकती है।”

बता दें वरुण और नताशा की शादी साल 2021 में हुई थी। पोस्ट पर जान्हवी कपूर और जोया अख्तर ने लाल दिल वाली इमोजी पोस्ट की। परिणीति चोपड़ा ने लिखा, गर्ल डैड्ड (दिल की आंखों वाली इमोजी) वीडी, बड़ा हो गया रे तू!” मनीष पॉल ने टिप्पणी की, “सर्वश्रेष्ठ, सर्वश्रेष्ठ!!! बेटियां एक आशीर्वाद हैं।” वरुण के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म 'बवाल' थी। वे जल्द साउथ इंडियन एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु के साथ 'सिटाडेल' के हिंदी वर्जन में नजर आएंगे। इसके अलावा उनके पास 'बेबी जॉन', 'भेड़िया 2', 'नो एंट्री 2’ और 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' जैसी फिल्में भी हैं।

अनुष्का शर्मा ने शेयर की बच्चों द्वारा बनाए गए कार्ड की फोटो

फादर्स डे पर अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने पति विराट कोहली को बेटी वामिका और बेटे अकाय का खास तोहफा दिया। अनुष्का ने बेटी और बेटे के पैर के छाप वाली एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की जिसे सभी पसंद कर रहे हैं। यह तेजी से वायरल हो रही है। अनुष्का ने एक बेहद प्यारी सी तस्वीर के रूप में यह तोहफा दिया। जो तस्वीर विराट के लिए साझा की गई है उसमें एक कागज पर दो पैरों के निशान दिख रहे हैं।

यह हैंड मेड कार्ड शेयर करते हुए अनुष्का ने कैप्शन में एक प्यारा सा नोट भी लिखा और बताया कि विराट हर चीज में बहुत अच्छे हैं। उन्होंने लिखा, एक व्यक्ति इतनी सारी चीजों में इतना अच्छा कैसे हो सकता है! यह हैरान करने वाला है..हम आपसे प्यार करते हैं @virat.kohli। अनुष्का फिलहाल विराट और अपने दोनों बच्चों के साथ अमेरिका में हैं।

वहां टीम इंडिया टी20 विश्व कप के मैच खेल रही है। शनिवार (15 जून) की रात बरसात के कारण भारत और कनाडा का मैच एक भी गेंद फेंके बगैर रद्द हो गया। भारत सुपर 8 में पहुंच चुका है और उसे अब सभी मुकाबले वेस्टइंडीज में खेलने हैं। विराट और अनुष्का अपने बच्चों के केयरिंग व लविंग पैरेंट्स हैं, जो उन्हें पैम्पर करने में कोई कमी नहीं छोड़ते हैं।