कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाला रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ बरसों से लोगों का मनोरंजन कर रहा है। इसके अधिकतर सीजन सलमान खान ने होस्ट किए हैं और इस बार भी वे ही इस भूमिका को निभाएंगे। आए दिन शो को लेकर नई अपडेट आती रहती हैं। एक दिन पहले जियो हॉटस्टार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ‘बिग बॉस 19’ का टीजर रिलीज किया। इसके बाद से ही ऑडियंस का उत्साह बढ़ गया है। इस दौरान ये रिवील किया गया कि BB 19 का ग्रैंड प्रीमियर 24 अगस्त को होगा। अब इसमें हिस्सा लेने वाले लोगों को लेकर अटकलबाजी और तेज हो गई है।
कहा जा रहा है कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में कई सालों तक रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने वाले एक्टर गुरुचरण सिंह घर में धूम मचाएंगे। टेली चक्कर की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुचरण ‘बिग बॉस’ हाउस में एंट्री करने वाले हैं। हालांकि अब तक ना तो शो के मेकर्स और ना ही गुरुचरण ने इस बात की पुष्टि की है। बता दें गुरुचरण को TMKOC छोड़े कुछ साल हो गए हैं। शो में उनके कैरेक्टर को बहुत ही मस्त–मौला और खुलकर अपनी जिंदगी जीने वाला दिखाया गया।
अपनी पत्नी पर प्यार बरसाने के मौके वो कभी नहीं छोड़ते थे, लेकिन 2020 में वे शो से अलग हो गए। पिछले साल गुरुचरण ने पर्सनल लाइफ को लेकर काफी सुर्खियां बटोरीं। पहले उनके लापता होने की खबर आई। हालांकि कुछ दिनों बाद वे घर लौट आए। बाद में ये सामने आया कि वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि सोढ़ी BB 19 का हिस्सा बनते हैं या नहीं।
आमिर और जुनैद ने यूट्यूब के लिए मिलकर किया ‘सितारे जमीन पर’ का प्रमोशनसुपरस्टार आमिर खान इन दिनों अपनी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को लेकर लाइमलाइट में हैं।फिल्म आज शुक्रवार (1 अगस्त) से यूट्यूब पर स्ट्रीम हो रही है। आमिर ने इसका एक प्रमोशनल वीडियो बनाया है, जो काफी मजेदार है। इसमें वे बेटे जुनैद के साथ नजर आ रहे हैं। वे साल 1994 में रिलीज हुई उनकी कॉमेडी फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ का आइकॉनिक सीन रीक्रिएट करते दिख रहे हैं, जिसके डायरेक्टर राजकुमार संतोषी थे। आमिर ने यह प्रोमो शेयर किया है। इसमें संतोषी भी हैं।
पहली बार आमिर और जुनैद ने साथ में स्क्रीन शेयर की है। उन्होंने फिल्म को वो सीन रीक्रिएट किया है, जिसमें आमिर अपने पिता से कहते हैं कि उन्हें नाई की दुकान बंद करके चूड़ियों की दुकान खोल लेनी चाहिए। इस सीन को ‘सितारे जमीन पर’ की यूट्यूब रिलीज से जोड़ा गया है। वीडियो में आमिर ने जुनैद को नेपो किड कहकर चुटकी ली। वहीं, उन्होंने अपनी फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ का मजाक भी उड़ाया। वीडियो के अंत में आमिर का छोटा बेटा आजाद भी नजर आ रहा है। बता दें ‘सितारे जमीन पर’ अब किसी दूसरे ओटीटी चैनल्स की जगह सीधे 'आमिर खान टॉकीज' के यूट्यूब चैनल पर ही आएगी।
हालांकि इसे देखने के लिए आपको 100 रुपए चुकाने होंगे। ऐसा कर आप 30 दिनों के लिए फिल्म को रेंट कर सकेंगे। इस अवधि में यदि आपने फिल्म को एक बार देखना शुरू कर दिया, तो इसे 48 घंटों के अंदर ही पूरा देखना होगा। 48 घंटों के बाद इसे देखने के लिए आपको दोबारा 100 रुपए देने होंगे। यूट्यूब रेंट पर चढ़ी सभी फिल्में नॉर्मली इसी नियम को फॉलो करती हैं।