संगम में कैटरीना का वीडियो बना रहे थे दो अर्धनग्न युवक, देखकर भड़कीं रवीना टंडन, बोलीं - 'ये घिनौना है'

महाकुंभ 2025 के दौरान प्रयागराज में आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। आम श्रद्धालुओं से लेकर वीवीआईपी तक, हर कोई त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने पहुंचा। अंबानी परिवार, बॉलीवुड सितारों और तमाम प्रसिद्ध हस्तियों ने भी इस महायोजन में भाग लिया। इसी क्रम में, 24 फरवरी को बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ भी अपनी सास वीना कौशल के साथ संगम स्नान करने प्रयागराज पहुंचीं। उनकी यात्रा के कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आए, लेकिन हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो ने अभिनेत्री रवीना टंडन को नाराज कर दिया है।

संगम में कैटरीना कैफ का वीडियो बनाने पर भड़कीं रवीना टंडन

संगम स्नान के दौरान दो युवकों ने कैटरीना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में कैटरीना कैफ शांत और बेपरवाह नजर आईं, लेकिन रवीना टंडन ने इस हरकत पर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैटरीना संगम में स्नान कर रही हैं, उनके आसपास कई श्रद्धालु मौजूद हैं। इसी दौरान, दो युवक शर्टलेस होकर वीडियो बनाते नजर आते हैं। उनमें से एक कैमरे की ओर देखकर कहता है – ये मैं हूं, ये मेरा भाई है और ये कैटरीना कैफ हैं। फिर वह कैमरा घुमाकर कैटरीना की ओर कर देता है, जो उस समय पूजा में लीन थीं।

महाकुंभ 2025 के दौरान त्रिवेणी संगम में स्नान कर रहीं कैटरीना कैफ का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे लेकर रवीना टंडन ने कड़ी आपत्ति जताई है। रवीना टंडन ने वीडियो पर कमेंट करते हुए इसे घिनौना करार दिया। उन्होंने लिखा, ये बेहद घटिया हरकत है। इस तरह के लोग एक शांतिपूर्ण और अर्थपूर्ण पल को खराब कर देते हैं। उनकी नाराजगी साफ दिखाती है कि इस तरह की हरकतें उन्हें बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं हैं।
लोगों ने भी जताई नाराजगी

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा, मुझे समझ नहीं आता कि लोग किसी सेलिब्रिटी को देखकर इस तरह का व्यवहार क्यों करते हैं? दूसरे ने कहा, ये दुखद और परेशान करने वाला है। एक अन्य यूजर ने लिखा, फिर लोग कहते हैं कि वीआईपी घाट क्यों बनाए जाते हैं। ऐसे ही हरकतों की वजह से जरूरी होता है। एक ने तंज कसते हुए कहा, इसलिए वीआईपी ट्रीटमेंट जरूरी है, वरना कुछ लोग संगम में 'पाप धोने' के बजाय 'नए पाप' कर लेते हैं।