बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार (57) को बॉलीवुड में तीन दशक से ज्यादा हो गए हैं। फैंस के बीच उनका जबरदस्त क्रेज है। अक्षय की फिल्में और उनकी निजी जिंदगी हमेशा चर्चाओं में रहती है। अक्षय ने अब तक एक्शन से लेकर कॉमेडी और देशभक्ति से भरी तमाम फिल्में की हैं। साल 2015 से अक्षय ने ‘हॉलिडे’, ‘बेबी’, ‘एयरलिफ्ट’, ‘गोल्ड’, ‘मिशन मंगल’ और ‘स्काई फोर्स’ जैसी कई देशभक्ति फिल्में की हैं। अक्षय हाल ही में रिपब्लिक टीवी के एक कॉन्क्लेव में पहुंचे।
वहां उन्होंने देश, स्वतंत्रता संग्राम और देशभक्ति के विषय पर आधारित बैक-टू-बैक फिल्मों का निर्माण और उनमें अभिनय करने के फैसले के बारे में खुलकर बात की। इस दौरान अक्षय ने कहा कि जब से मैंने अपने खुद का प्रोडक्शन, केप ऑफ गुड फिल्म्स शुरू किया है, मैंने अपने देश पर बहुत सारी फिल्में बनाई हैं। हालांकि मेरी पत्नी मुझे चिढ़ाती भी हैं कि आप कितनी बार देश को बचाओगे। उल्लेखनीय है कि अक्षय और ट्विंकल की काफी मजबूत बोंडिंग है और वे दोनों अक्सर एक-दूसरे की टांग खिंचाई करते भी नजर आते हैं।
अक्षय की पिछली फिल्म इसी साल गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हुई ‘स्काई फोर्स’ थी। इसमें सारा अली खान और वीर पहाड़िया भी थे। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शानदार शुरुआत रही थी, लेकिन बाद में यह इस फॉर्म को कायम नहीं रख पाई। हालांकि अक्षय को इस फिल्म से जरूर कुछ राहत मिली। पिछले साल उनकी फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘सरफिरा’ और ‘खेल खेल में’ फ्लॉप हो गई थी।
‘सिंघम अगेन’ हिट थी, लेकिन उसमें अक्षय के लीड रोल के बजाय कैमियो था। वैसे अक्षय की लोकप्रियता, फिटनेस और एक्टिवनेस को देखते हुए वे आज भी फिल्ममेकर्स के पसंदीदा एक्टर्स में से एक हैं। अक्षय जल्द ही अब पैन-इंडिया फिल्म ‘कन्नप्पा’ में विष्णु मांचू और प्रभास के साथ नजर आएंगे। उनकी अपकमिंग फिल्मों में ‘केसरी 2’, ‘जॉली एलएलबी 3’ और ‘हाउसफुल 5’ भी शामिल हैं।
अभिषेक बच्चन की फिल्म ‘बी हैप्पी’ इस दिन होगी रिलीज, अमिताभ ने लिखा…सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपने बेटे अभिषेक बच्चन के साथ स्पेशल बोंडिंग शेयर करते हैं। वे अभिषेक की तारीफ और हौसला अफजाई करने का कोई मौका नहीं चूकते। अब एक बार फिर ऐसा ही देखने में आया है। अभिषेक जल्द ही ‘बी हैप्पी’ फिल्म में नजर आएंगे। हाल ही इसका ट्रेलर रिलीज हुआ था। ये कहानी है शिव (अभिषेक) की, जो एक सिंगल फादर है और अपनी बेटी धारा (इनायत वर्मा) के साथ जिंदगी के उतार-चढ़ाव से जूझ रहा है।
अब इस फिल्म की तारीफ करने वालो में अमिताभ का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने अभिषेक की परफॉर्मेंस पर गर्व जताते हुए खुशी जाहिर की है। अमिताभ ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “अभिषेक, एक पिता का गर्व, कितनी आसानी से एक किरदार से दूसरे किरदार में बदल जाते हो। बधाई हो बधाई, स्नेह।” एक दूसरी पोस्ट में अमिताभ ने लिखा, “बेहद खूबसूरत कहानी…और अभिषेक, तुमने जिस तरह एक फिल्म से दूसरी फिल्म तक अपने किरदार को परिभाषित किया है, वो कमाल है। ढेर सारा आशीर्वाद और प्यार।”
उल्लेखनीय है कि ‘बी हैप्पी’ को रेमो डिसूजा एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले लिजेल रेमो डिसूजा ने प्रोड्यूस किया है और इसे रेमो डिसूजा ने डायरेक्ट किया है। इस डांस ड्रामा में अभिषेक के साथ नोरा फतेही, नासर, जॉनी लीवर और हरलीन सेठी भी हैं। फिल्म 14 मार्च को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।