26 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गया यह एक्टर, 'दिल मिल गए' से आया था चर्चा में

छोटे पर्दे के पॉपुलर शो 'दिल मिल गए' में जिग्नेश का रोल निभाकर मशहूर हुए एक्टर करण परांजपे का उनके घर में निधन हो गया। 26 वर्षीय करण परांजपे के निधन की खबर से टीवी इंडस्ट्री सकते में है। टेलिचक्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार तकरीबन सुबह 11 बजे करण ने दुनिया से अलविदा कह दिया। करण परांजपे की अचानक मौत से सभी सदमे में हैं। करण परांजपे अपनी मां के साथ मुंबई में रहते थे। सुबह करीब 11 बजे उनकी मां ने उन्हें घर में मृत हालत में पाया। एक वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें नींद में हार्ट अटैक आया जिसकी वजह से उनकी मृत्यु हो गई। बता दें कि करण अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। 'दिल मिल गए' में अभिनेता के साथ काम कर चुके करण वाही ने उन्हें इंस्टाग्राम पर श्रद्धांजलि दी है। उनकी मौत पर दुख व्यक्त करते हुए करण ने लिखा, "जिग्ज आप हमेशा याद किए जाएंगे..."

करण ने इसके अलावा एक पिक्चर भी शेयर की जिसमें वह करण परांजपे के साथ नजर आ रहे हैं। बता दें कि 'दिल मिल गए' के अलावा करण परांजपे ने 'संजीवनी' सीरियल में काम किया था। 'दिल मिल गए' शो में करण के कैरेक्टर को लोगों ने खूब पसंद किया था। इस शो से उन्हें पॉपुलैरिटी मिली थी। इसके अलावा करण परांजपे कई टीवी सीरियल्स में बतौर क्रिएटिव हेड जुड़े हुए थे।