‘तुम्बाड 2’ के लिए सोहम शाह ने मिलाया पेन स्टूडियोज से हाथ, जल्द फ्लोर पर जाएगी फिल्म

2018 में रिलीज़ हुई पाथ-ब्रेकिंग फिल्म ‘तुम्बाड’ ने भारतीय सिनेमा में हॉरर, पौराणिकता और फैंटेसी के मिश्रण का एक नया मानदंड स्थापित किया था। अब इस क्लासिक फिल्म के सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस बार एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह और उनकी कंपनी Sohum Shah Films ने हाथ मिलाया है Pen Studios से, जो इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को अगले साल फ्लोर पर लाने जा रही है।

इस साझेदारी का ऐलान हैदराबाद में किया गया, जहां सोहम शाह ने बताया कि उन्होंने वर्षों से पेन स्टूडियोज के प्रमुख डॉ. जयंतीलाल गड़ा के काम की सराहना की है। उन्होंने कहा, “जब मैं गड़ा जी से ‘तुम्बाड 2’ को लेकर मिला, तो उन्होंने महज पांच मिनट में डील को फाइनल कर दिया। एक कहानीकार के लिए इससे बड़ी बात क्या हो सकती है कि उसके विज़न पर इतना भरोसा जताया जाए।”

सोहम शाह के मुताबिक, पेन स्टूडियोज ने 'तुम्बाड' को जो सम्मान और पहचान दी, वह इस फिल्म की आत्मा को एक नया जीवन देने जैसा है। पेन स्टूडियोज, जो RRR, गंगूबाई काठियावाड़ी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के निर्माण के लिए जाना जाता है, अब 'तुम्बाड 2' के जरिए दर्शकों को फिर एक बार एक अलग, रहस्यमय और कल्पनालोक की दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है।
डॉ. जयंतीलाल गड़ा, फाउंडर और चेयरमैन, Pen Studios, ने कहा, “‘तुम्बाड’ एक मास्टरपीस था। इसकी सिनेमाई गहराई और प्रभाव ने हमें भीतर तक झकझोर दिया था। अब, ‘तुम्बाड 2’ के जरिए, हम उस जादू को फिर से जीवित करने जा रहे हैं। यह फिल्म दर्शकों को पहले से भी अधिक गहराई में ले जाएगी।”

तुम्बाड, जिसने शुरुआत में धीमा प्रदर्शन किया था, लेकिन बाद में दोबारा रिलीज़ के दौरान बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता पाई, आज एक कल्ट क्लासिक मानी जाती है। दुनियाभर के सिनेप्रेमियों और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में इसने भारत की ओर से एक अलग पहचान बनाई।

अब ‘तुम्बाड 2’ के साथ, फिल्ममेकर्स दर्शकों को उस यूनिवर्स के एक और परत तक ले जाने का वादा कर रहे हैं, जिसने भारतीय हॉरर और फैंटेसी सिनेमा को एक नई दिशा दी। पेन स्टूडियोज और सोहम शाह फिल्म्स की यह साझेदारी न सिर्फ दर्शकों की उम्मीदों को नई उड़ान दे रही है, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रही है कि सीक्वल पहले भाग की विरासत को सम्मान और विस्तार दोनों देगा।