सोहम शाह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तुम्बाड 2’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में फिल्म के निर्माताओं ने एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की थी कि इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। इस अपडेट के बाद से ही ‘तुम्बाड’ के फैंस में उत्साह और भी बढ़ गया है। पोस्ट में यह संकेत भी दिया गया कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा रहस्यमयी, डरावनी और रोमांच से भरपूर होने वाली है। इससे पहले खबरें थीं कि फिल्म के लिए प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ और नयनतारा जैसे बड़े नामों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इन चर्चाओं के बीच अब एक नया और चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक आलिया भट्ट इस फिल्म का हिस्सा बन सकती हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आलिया भट्ट ने ‘तुम्बाड 2’ के लिए हामी भर दी है और वह इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए तैयार हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में उन्हें एक अहम और प्रभावशाली भूमिका के लिए चुना गया है। हालांकि उनका किरदार लंबा नहीं होगा, बल्कि यह एक कैमियो रोल बताया जा रहा है। इसके बावजूद यह भूमिका कहानी के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्माताओं को एक ऐसी अभिनेत्री की तलाश थी, जो सीमित स्क्रीन टाइम में भी गहराई और रहस्य का असर पैदा कर सके, और इस लिहाज से आलिया को इस किरदार के लिए उपयुक्त माना गया है।
खबरों के मुताबिक, आलिया ने 3 मई से फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक फिल्म के मेकर्स की ओर से उनके कास्ट में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग के लिए मुंबई के माढ़ द्वीप में एक भव्य सेट तैयार किया गया है, जहां फिलहाल फिल्मांकन जारी है। इससे पहले जारी किए गए पोस्ट और टीजर में ‘प्रलय’ का संकेत दिया गया था, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
यह फिल्म निर्देशक आदेश प्रसाद के निर्देशन में बन रही है और ‘तुम्बाड’ की कहानी को आगे बढ़ाएगी। इस बार भी कहानी रहस्यमयी और शापित पौराणिक कथाओं, खासकर हस्तर देवता से जुड़े पहलुओं को और गहराई से दिखाएगी। फिल्म में सोहम शाह के साथ नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज डेट का ऐलान भी किया गया, जिसमें लिखा था—“पापों से भरा अतीत, भयावह भविष्य। भूख बढ़ती जा रही है, लालच की विरासत कायम है… अपने कैलेंडर में तारीख नोट कर लें, ‘तुम्बाड 2’ 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। प्रलय आएगा।”